स्वच्छ सर्वेक्षण 2025–26 को लेकर नगर निगम अलर्ट
गोरखपुर। स्वच्छ सर्वेक्षण 2025–26 (10वां संस्करण) के सफल क्रियान्वयन के लिए नगर निगम गोरखपुर ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में 6 फरवरी 2026 की शाम 4 बजे नगर आयुक्त की अध्यक्षता में जोन-02 की समीक्षा बैठक हुई।
बैठक में जोन-02 के वार्ड संख्या 38, 24, 57, 63, 77, 44, 69, 32, 56, 70, 75, 26, 65, 51, 11 एवं 37 में प्रस्तावित थर्ड पार्टी फील्ड असेसमेंट के मद्देनजर जमीनी स्तर पर हो रहे कार्यों की गहन समीक्षा की गई। टूल-किट के मानकों के अनुसार पोर्टल पर भेजी जा रही मासिक प्रगति रिपोर्ट के हर बिंदु पर विस्तार से चर्चा हुई ताकि सर्वेक्षण में उत्कृष्ट अंक हासिल किए जा सकें।
नगर आयुक्त ने सख्त निर्देश दिए कि सभी वार्डों में आवासीय, व्यावसायिक एवं सार्वजनिक स्थलों पर शत-प्रतिशत डोर-टू-डोर कूड़ा संग्रहण सुनिश्चित हो। कचरे का स्रोत पर पृथक्करण, नाले-नालियों की नियमित सफाई, सार्वजनिक एवं सामुदायिक शौचालयों की स्वच्छता, रेड स्पॉट, खुले में शौच-मूत्र तथा कूड़ा जलाने जैसी गतिविधियों पर कड़ी निगरानी रखी जाए और चालान-जुर्माने की कार्रवाई हो।
सभी वार्डों को कचरामुक्त एवं बिन-फ्री बनाए रखने के निर्देश दिए गए। नागरिकों को जागरूक किया जाए कि डोर-टू-डोर संग्रहण के बाद कचरा इधर-उधर न फेंकें, बल्कि अपने डस्टबिन में रखें। वेंडिंग जोन में वेंडरों को कचरा पात्र रखने और स्थल स्वच्छ बनाए रखने को कहा गया। पार्कों की नियमित सफाई के साथ सौंदर्यीकरण पर भी जोर दिया गया। मलिन बस्तियों में उच्च स्तरीय सफाई व्यवस्था और विशेष जन-जागरूकता अभियान चलाने के निर्देश दिए गए।
शौचालयों-मूत्रालयों की मानक अनुरूप सफाई, डिवाइडरों को साफ-सुथरा रखना, रेड स्पॉट समाप्त करना, नालों में ठोस कचरा रोकने के लिए जाली लगाना और स्लैब से ढकना सुनिश्चित करने को कहा गया। आवासीय क्षेत्रों में विशेष सफाई अभियान चलाने तथा प्रतिदिन नियमित कूड़ा संग्रहण पर फोकस रखने के निर्देश दिए गए।
सुपरवाइजर और मेट को मासिक रिपोर्ट में शामिल स्थलों पर रोजाना निगरानी रखने को कहा गया ताकि किसी भी निरीक्षण में सभी व्यवस्थाएं मानक के अनुरूप पाई जाएं। बैकलेनों की सफाई, आकर्षक वॉल पेंटिंग एवं सौंदर्यीकरण कार्य निरीक्षण से पहले पूरे करने के निर्देश दिए गए। कर्मचारियों को निर्धारित वर्दी और सुरक्षा उपकरणों के साथ कार्य करने को कहा गया।
सभी वार्डों को जीवीपी मुक्त रखना, स्कूल परिसरों को पूर्णतः स्वच्छ बनाए रखना तथा स्कूल शौचालयों को मानक अनुरूप रखने के लिए विद्यालय प्रशासन को प्रेरित करने पर भी बल दिया गया।
बैठक में अपर नगर आयुक्त (तृतीय/वरिष्ठ प्रभारी अधिकारी SBM), मुख्य अभियंता, जोनल अधिकारी, जोनल सफाई अधिकारी, सह प्रभारी अधिकारी SBM/मुख्य सफाई निरीक्षक, सफाई निरीक्षक, वार्ड सुपरवाइजर, मेट तथा SBM टीम उपस्थित रही।
उपरोक्त सभी निर्देशों के सख्त अनुपालन से स्वच्छ सर्वेक्षण में शत-प्रतिशत अंक हासिल करने का लक्ष्य रखा गया है।















