सरस्वती पूजन के साथ सूर्या एकेडमी में नए सत्र का आगाज

सरस्वती पूजन के साथ सूर्या एकेडमी में नए सत्र का आगाज

संतकबीरनगर। बसंत पंचमी के पावन अवसर पर खलीलाबाद स्थित प्रतिष्ठित सूर्या इंटरनेशनल सीनियर सेकेंडरी स्कूल में ज्ञान की अधिष्ठात्री मां सरस्वती का विधि-विधान एवं मंत्रोच्चार के साथ पूजन-अर्चन कर नए शैक्षणिक सत्र का शुभारंभ किया गया।

एकेडमी के प्रबंध निदेशक डॉ. उदय प्रताप चतुर्वेदी एवं निदेशिका श्रीमती सविता चतुर्वेदी ने प्रिंसिपल रविनेश श्रीवास्तव, शुभी देवी डिग्री कॉलेज के प्राचार्य डॉ. चिंतामणि उपाध्याय तथा सभी शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं छात्र-छात्राओं के साथ मां सरस्वती की प्रतिमा पर पुष्पार्जन कर पूजन किया। पूजन के बाद सभी ने मां सरस्वती से विद्या, बुद्धि और सफलता की कामना की।

डॉ. उदय प्रताप चतुर्वेदी ने कहा कि पौराणिक मान्यताओं के अनुसार बसंत पंचमी के दिन विद्या की देवी मां सरस्वती का जन्म हुआ था। इसीलिए इस दिन सरस्वती पूजा आयोजित की जाती है। उन्होंने कहा कि इंसान की तरक्की में साधना का अहम योगदान होता है। बसंत पंचमी पर सभी को मां सरस्वती की पूजा कर सुख-शांति के लिए प्रार्थना करनी चाहिए। उन्होंने छात्र-छात्राओं से अनुशासन के प्रति जागरूक रहने की अपील की।

प्रबंध निदेशिका श्रीमती सविता चतुर्वेदी ने बताया कि माघ शुक्ल पंचमी को विद्या, बुद्धि, संगीत, कला और आध्यात्म का आशीर्वाद प्राप्त करने का विशेष अवसर है। इस अवसर पर विद्यालय में नए सत्र के लिए रजिस्ट्रेशन कार्य भी शुरू कर दिया गया। अभिभावकों ने बड़ी संख्या में पहुंचकर अपने बच्चों का रजिस्ट्रेशन कराया।

विद्यालय में 23 फरवरी को वार्षिक उत्सव कार्यक्रम का आयोजन प्रस्तावित है, जिसकी तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। साथ ही कक्षा 11 में प्रवेश लेने वाले छात्र-छात्राओं को निःशुल्क टैबलेट वितरण भी किया जाएगा।

इस अवसर पर प्रिंसिपल रविनेश श्रीवास्तव, डॉ. चिंतामणि उपाध्याय, घनश्याम त्रिपाठी, आशुतोष पांडेय, नितेश द्विवेदी सहित अन्य शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Previous articleमंडलायुक्त सभागार में 64वीं गीडा बोर्ड बैठक सम्पन्न, विकास योजनाओं पर हुई विस्तृत समीक्षा
Next articleनेताजी सुभाष चन्द्र बोस जयंती पर आपदा प्रबंधन की तैयारियां परखी गई

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here