एसआईआर की प्रगति की समीक्षा, मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बीएलओ को दिए महत्वपूर्ण निर्देश

एसआईआर की प्रगति की समीक्षा, मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बीएलओ को दिए महत्वपूर्ण निर्देश

 

गोरखपुर (ब्यूरो)। मुख्य निर्वाचन अधिकारी, उत्तर प्रदेश की अध्यक्षता में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से गोरखपुर जनपद में चल रहे विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (एसआईआर) की प्रगति की गहन समीक्षा की गई। मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने मतदाता सूची को शुद्ध, अद्यतन एवं त्रुटिरहित बनाने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए हर पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में होना अनिवार्य है।

समीक्षा बैठक में मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बूथ लेवल ऑफिसर (बीएलओ) की भूमिका को अत्यंत महत्वपूर्ण बताते हुए फार्म सत्यापन (वेरिफिकेशन) की प्रक्रिया को विस्तारपूर्वक समझाया। उन्होंने निर्देश दिए कि बीएलओ प्रत्येक आवेदन की भौतिक जांच सुनिश्चित करें, ताकि कोई अपात्र नाम सूची में शामिल न हो और कोई पात्र नागरिक मताधिकार से वंचित न रहे। फार्म में दी गई जानकारियों का मिलान निर्धारित प्रूफ के आधार पर सावधानीपूर्वक किया जाए।

मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुके सभी नागरिकों का नाम मतदाता सूची में अनिवार्य रूप से जोड़ा जाए। यदि किसी का नाम पहले की सूची में छूट गया है, तो निर्धारित दस्तावेजों के साथ तत्काल जोड़ा जाए। उन्होंने ई-डिस्ट्रिक्ट प्रणाली के माध्यम से आवेदन निस्तारण में तेजी लाने के निर्देश दिए। जिला स्तर पर सभी अधिकारी नियमित प्रगति की समीक्षा करें और लापरवाही पाए जाने पर तत्काल सुधारात्मक कार्रवाई करें।

वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग में गोरखपुर से जिला निर्वाचन अधिकारी/जिलाधिकारी दीपक मीणा उपस्थित रहे। उनके साथ उप जिला निर्वाचन अधिकारी/अपर जिलाधिकारी (वित्त) विनीत कुमार सिंह, एसडीएम सदर दीपक गुप्ता, एसडीएम कैंपियरगंज सिद्धार्थ पाठक, एसडीएम सहजनवा केसरी नंदन तिवारी, एसडीएम गोला अमित जायसवाल, एसडीएम बांसगांव प्रदीप सिंह, एसडीएम खजनी राजेश सिंह, एसडीएम चौरी-चौरा कुंवर सचिन सिंह, एसीएम प्रथम प्रशांत वर्मा तथा सहायक निर्वाचन अधिकारी शंकर मिश्रा भी मौजूद रहे।

बैठक में अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि वे अपने क्षेत्रों में बीएलओ के कार्यों की सतत निगरानी करें। आमजन को मतदाता सूची में नाम जोड़ने, संशोधन कराने या नाम हटवाने की प्रक्रिया के बारे में जागरूक करें। प्रचार-प्रसार, शिविरों और घर-घर संपर्क को प्रभावी बनाया जाए।

मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि निष्पक्ष एवं पारदर्शी चुनाव की नींव शुद्ध मतदाता सूची है। सभी अधिकारी और कर्मचारी पूरी निष्ठा, ईमानदारी और जिम्मेदारी से कार्य करें। उन्होंने विश्वास जताया कि गोरखपुर जनपद समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण तरीके से एसआईआर कार्य पूर्ण करेगा तथा कोई भी पात्र मतदाता सूची से वंचित नहीं रहेगा।

Previous articleगोरखपुर महोत्सव के अंतर्गत शूटिंग प्रतियोगिता का शुभारंभ, महापौर डॉ. मंगलेश श्रीवास्तव ने किया उद्घाटन
Next articleमहाकुंभ 2025 में उत्कृष्ट योगदान के लिए क्षेत्राधिकारी यातायात प्रियम राजशेखर पाण्डेय को मिला “महाकुंभ सेवा मेडल”

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here