गोरखपुर महोत्सव के अंतर्गत शूटिंग प्रतियोगिता का शुभारंभ, महापौर डॉ. मंगलेश श्रीवास्तव ने किया उद्घाटन
गोरखपुर । गोरखपुर महोत्सव 2026 के अंतर्गत आयोजित शूटिंग प्रतियोगिता का शुभारंभ गोरखपुर शूटिंग अकादमी, वाटर स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स, तारामंडल में संपन्न हुआ। प्रतियोगिता का उद्घाटन माननीय महापौर डॉ. मंगलेश श्रीवास्तव ने किया।
उद्घाटन समारोह में गोरखपुर महोत्सव शूटिंग समिति के अध्यक्ष एवं एसीईओ गीडा राम प्रकाश तथा गोरखपुर राइफल क्लब के सचिव एवं नगर मजिस्ट्रेट उत्कर्ष श्रीवास्तव विशेष रूप से उपस्थित रहे। इस अवसर पर गोरखपुर शूटिंग अकादमी के निदेशक गजेंद्र राय भी मौजूद थे।
आज आयोजित प्रतियोगिताओं में पुरुष एवं महिला वर्ग के अंतर्गत 10 वर्ष से 65 वर्ष तक के आयु वर्ग के कुल 95 खिलाड़ियों ने भाग लेकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता 9 जनवरी एवं 10 जनवरी 2026 को आयोजित होगी तथा पदक वितरण समारोह 11 जनवरी 2026 को सम्पन्न होगा।
महापौर डॉ. मंगलेश श्रीवास्तव ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उन्हें शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि युवाओं में शूटिंग खेल के प्रति बढ़ती रुचि सराहनीय है। इस प्रकार की प्रतियोगिताएं प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय स्तर पर आगे बढ़ने का अवसर प्रदान करती हैं।
अतिथियों ने खिलाड़ियों की लगन और उत्साह की प्रशंसा की तथा कहा कि गोरखपुर महोत्सव खेलों को बढ़ावा देने का एक महत्वपूर्ण मंच है। प्रतियोगिता में विभिन्न आयु वर्ग के खिलाड़ी अपनी क्षमता का प्रदर्शन कर रहे हैं।
गोरखपुर शूटिंग अकादमी के निदेशक गजेंद्र राय ने बताया कि यह प्रतियोगिता युवाओं में खेल भावना विकसित करने और नई प्रतिभाओं को उभारने में सहायक साबित होगी।















