सड़क सुरक्षा अभियान: भारी वाहनों पर रेडियम पट्टी लगवाकर चालकों को दी हिदायत
बस्ती। कोहरे व ठंड के मौसम में सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए यातायात पुलिस ने सक्रियता दिखाई है। क्षेत्राधिकारी यातायात प्रदीप कुमार त्रिपाठी ने प्रभारी यातायात अवधेश तिवारी की उपस्थिति में बड़ेबन और टोल प्लाजा पर विशेष अभियान चलाया।
अभियान के दौरान ट्रैक्टर-ट्रॉली और गन्ना लदे ट्रकों सहित भारी वाहनों के आगे व पीछे रात्रि में चमकने वाली रेडियम पट्टी लगवाई गई। वाहन चालकों को सख्त हिदायत दी गई कि वे अपने वाहनों के पीछे रेडियम युक्त फ्लेक्सी अनिवार्य रूप से लगवाएं, ताकि पीछे से आने वाले वाहनों को दूरी का अंदाजा हो और दुर्घटना की संभावना कम हो।
क्षेत्राधिकारी त्रिपाठी ने कहा कि घने कोहरे में कम दृश्यता के कारण भारी वाहनों से टक्कर की घटनाएं बढ़ रही हैं। रेडियम पट्टी व फ्लेक्सी लगाने से वाहन दूर से ही दिखाई देंगे, जिससे जान-माल की क्षति रोकी जा सकेगी। चालकों से अपील की गई कि नियमों का पालन करें और सुरक्षित ड्राइविंग करें।
इस दौरान हेड कांस्टेबल कृष्णानंद पांडेय, हेड कांस्टेबल अभिषेक यादव, कांस्टेबल चंद्रजीत यादव सहित अन्य यातायात कर्मी मौजूद रहे।
पुलिस की इस पहल से चालकों में जागरूकता बढ़ी है। अभियान को अन्य व्यस्त मार्गों पर भी जारी रखने की योजना है, ताकि सड़क सुरक्षा को और मजबूत किया जा सके।















