एस.आर. इंटरनेशनल एकेडमी में दो दिवसीय एनुअल गेम्स का भव्य आगाज: पूर्व विधायक जय चौबे ने किया शुभारंभ
संतकबीरनगर। जिले के प्रतिष्ठित शैक्षणिक संस्थान एस.आर. इंटरनेशनल एकेडमी, नाथनगर में दो दिवसीय वार्षिक खेलकूद प्रतियोगिता (एनुअल गेम्स) का भव्य शुभारंभ हुआ। कार्यक्रम का उद्घाटन पूर्व विधायक जय चौबे, एकेडमी के एमडी राकेश चतुर्वेदी, राजन एकेडमी की निदेशिका शिखा चतुर्वेदी एवं जिला पंचायत अध्यक्ष बलिराम यादव ने संयुक्त रूप से किया।उद्घाटन के दौरान मुख्य अतिथि जय चौबे का जोरदार स्वागत हुआ।
सभी अतिथियों ने मां सरस्वती एवं पूर्वांचल के मालवीय कहे जाने वाले स्वर्गीय पंडित सूर्यनारायण चतुर्वेदी के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित की। इसके बाद मशाल जुलूस को हरी झंडी दिखाकर खेल महोत्सव की औपचारिक शुरुआत की गई। स्कूली बच्चों ने मार्च पास्ट के जरिए मुख्य अतिथि को सलामी दी।पहले दिन रिले रेस, लॉन्ग जंप, हाई जंप, बास्केटबॉल, वॉलीबॉल, खो-खो, शतरंज, क्रिकेट, भाला फेंक, कैरम, बैडमिंटन सहित दर्जनों इवेंट्स में रोमांचक मुकाबले हुए। छोटे बच्चों की जलेबी रेस ने सभी का मनोरंजन किया। चारों हाउस रेड, ब्लू, ग्रीन और येलो के खिलाड़ियों ने आपसी जोर-आजमाइश में अपनी प्रतिभा का जौहर दिखाया।मुख्य अतिथि पूर्व विधायक जय चौबे ने कहा, “एकेडमी के बच्चे देश-प्रदेश का नाम रोशन करेंगे। पढ़ाई के साथ खेल सर्वांगीण विकास के लिए जरूरी है। खेल से स्वस्थ शरीर, भाईचारा और सौहार्द का संदेश जाता है। बच्चे समाज की रीढ़ हैं, जो आगे देश के भाग्यविधाता बनेंगे।”एमडी राकेश चतुर्वेदी ने कहा, “स्वस्थ जीवन ही सफल जीवन है। खेल-कूद से शारीरिक एवं मानसिक विकास दोनों होता है। 
इसलिए सभी के जीवन में खेल महत्वपूर्ण है।”निदेशिका शिखा चतुर्वेदी ने एकेडमी प्रबंधन की सराहना करते हुए कहा, “बेहतरीन शैक्षणिक माहौल के साथ खेल प्रतिभा को आगे लाना संस्थान की प्रतिबद्धता है। आज के सभी मुकाबलों को देखा, बच्चों ने शानदार प्रदर्शन किया। जीत-हार लगी रहती है, हार से सीखकर और बेहतर करने पर बड़ी सफलता मिलती है।”प्रधानाचार्य दुर्गेश गोस्वामी, वेद प्रकाश पांडे, मैनेजमेंट डायरेक्टर मनोज पांडे, मायाराम पाठक, भाजपा नेता अभियनंद सिंह, युवा नेता निहालचंद पांडे सहित अन्य गणमान्य उपस्थित रहे।दो दिवसीय प्रतियोगिता में छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। समापन पर विजेताओं को मेडल एवं प्रशस्ति पत्र से सम्मानित किया जाएगा। यह आयोजन शिक्षा के साथ खेल को संतुलित रूप से बढ़ावा देने की संस्थान की प्रतिबद्धता को दर्शाता है।















