अल-हेरा एजुकेशन मोतीनगर में मेधावी छात्र-छात्राओं का भव्य सम्मान: शिक्षा के प्रचार-प्रसार में महत्वपूर्ण कदम – डॉ. अयूब
संतकबीरनगर। अल-हेरा एजुकेशन मोतीनगर, खलीलाबाद के तत्वावधान में गुरुवार को आयोजित एक भव्य कार्यक्रम में जिले के मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया। मुफ़्ती अफरोज की अध्यक्षता में संपन्न इस समारोह में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले बच्चों को पुरस्कार वितरित किए गए। कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्य अतिथि पीस पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. अयूब ने किया।मुख्य अतिथि डॉ. अयूब ने कहा, “यह आयोजन जिले में शिक्षा की अलख जगाने का सराहनीय कार्य है। शिक्षा हमारे जीवन के लिए बहुत महत्वपूर्ण है। शिक्षित होकर हम समाज और देश की तरक्की में योगदान दे सकते हैं।
यह कार्यक्रम शिक्षा के प्रचार-प्रसार और सामाजिक कल्याण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है, जो युवा पीढ़ी को नई दिशा और प्रेरणा प्रदान करता है।”कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे मुफ़्ती अफरोज ने सभी विशिष्ट अतिथियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा, “इस तरह के आयोजन का मुख्य उद्देश्य बच्चों में शिक्षा के प्रति जागरूकता पैदा करना है। इससे प्रतिस्पर्धा बढ़ती है और बच्चे अपनी प्रतिभा को और निखार पाते हैं।”इस अवसर पर मौलाना जहीर अनवर कासमी, मुफ्ती तौहीद अहमद, मुफ्ती मोहम्मद अहमद, पूर्व चेयरमैन नूरुज्जमा अंसारी, पीस पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव अफरोज बादल, यासिर निजाम, पीस पार्टी युवा जिला अध्यक्ष अंज़र सिद्दीकी सहित कई गणमान्य उपस्थित रहे।कार्यक्रम में मेधावी छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
पुरस्कार वितरण के बाद सभी ने शिक्षा के महत्व पर जोर दिया और बच्चों को निरंतर मेहनत करने की प्रेरणा दी। यह आयोजन न केवल मेधावी विद्यार्थियों का हौसला बढ़ाने में सफल रहा, बल्कि समाज में शिक्षा के प्रति जागरूकता फैलाने का भी महत्वपूर्ण माध्यम बना।















