डीएम हर्षिता माथुर ने दिव्यांग बच्चों को वितरित किए सहायक उपकरण, एनटीपीसी के सहयोग से 150 कम्बल भी बांटे
रायबरेली। समग्र शिक्षा अभियान के तहत विशेष आवश्यकता वाले बच्चों (सीडब्ल्यूएसएन) की शिक्षा को मजबूत बनाने के लिए बेसिक शिक्षा विभाग ने एलिम्को कानपुर के सहयोग से ब्लॉक संसाधन केंद्र (बीआरसी) ऊँचाहार में उपकरण वितरण शिविर का आयोजन किया। कार्यक्रम का शुभारंभ जिलाधिकारी हर्षिता माथुर ने दीप प्रज्वलन कर किया।
इस दौरान 141 दिव्यांग बच्चों को उनकी जरूरत के अनुसार विभिन्न सहायक उपकरण वितरित किए गए। इनमें 11 छोटी व्हीलचेयर, 13 बड़ी व्हीलचेयर, 14 सीपी चेयर, 35 टीएलएम किट, 4 ब्रेल किट, 7 सुगम्य केन, 5 प्राथमिक टीएलएम किट, 40 छोटी क्रंच एल्बो, 16 बड़ी क्रंच एल्बो, 2 छोटी क्रंच, 23 ट्राइसाइकल, 6 बड़ी दाहिने हाथ की सहायता, 10 बड़े रोलेटर, 6 छोटे रोलेटर, 1 फोल्डेबल वॉकर, 36 कान की मशीन और 2 बैसाखी आदि शामिल रहे।
जिलाधिकारी हर्षिता माथुर ने कहा कि जनपद में दिव्यांग बच्चों की पहचान कर उनकी सूची तैयार की जा रही है ताकि उन्हें समय पर सहायक उपकरण उपलब्ध कराए जा सकें। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य दिव्यांग बच्चों को शिक्षा और जीवन में आगे बढ़ने के लिए आवश्यक सहायता प्रदान करना है। उन्होंने इसे बच्चों के सशक्तिकरण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।
कार्यक्रम में एनटीपीसी ऊँचाहार के सहयोग से जिलाधिकारी ने ठंड से राहत देने के लिए जनसामान्य को 150 कम्बल भी वितरित किए।
इस अवसर पर उप जिलाधिकारी ऊँचाहार राजेश श्रीवास्तव, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी राहुल सिंह, खण्ड विकास अधिकारी ऊँचाहार सुनील कुमार सिंह, खण्ड शिक्षा अधिकारी ऊँचाहार ऋचा सिंह सहित अन्य अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का आयोजन दिव्यांग बच्चों के चेहरे पर मुस्कान और आत्मविश्वास लाने में सफल रहा।















