डीआईजी संजीव त्यागी ने साइबर अपराधों की समीक्षा की, लंबित मामलों के त्वरित निस्तारण के निर्देश
बस्ती। पुलिस उपमहानिरीक्षक बस्ती परिक्षेत्र संजीव त्यागी ने सोमवार को परिक्षेत्रीय कार्यालय में रेंज के तीनों जनपदों (बस्ती, संतकबीरनगर, सिद्धार्थनगर) के साइबर थाना प्रभारियों एवं आईटी एक्ट विवेचकों के साथ महत्वपूर्ण समीक्षा गोष्ठी की।
गोष्ठी में साइबर अपराधों की विवेचनाओं की प्रगति, लंबित अभियोगों की स्थिति एवं अब तक की कार्रवाई की विस्तृत समीक्षा की गई। डीआईजी ने साइबर एक्शन प्लान के तहत लंबित मामलों का यथाशीघ्र सफल अनावरण एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के सख्त निर्देश दिए।
उन्होंने संदिग्ध लेन-देन वाले म्यूल खातों का सत्यापन कर कार्रवाई, फ्रॉड राशि को त्वरित होल्ड कराने तथा विवेचनाओं में तकनीकी दक्षता बढ़ाने पर विशेष जोर दिया। डीआईजी ने कहा कि साइबर अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए सभी अधिकारी पूर्ण समर्पण के साथ कार्य करें।
गोष्ठी में परिक्षेत्र के साइबर थाना प्रभारी, विवेचक एवं अन्य अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे। इस समीक्षा से रेंज में साइबर अपराधों की जांच को नई गति मिलने की उम्मीद है तथा आमजन को ऑनलाइन ठगी से राहत मिलेगी।















