गोलघर के बेबी लैंड शोरूम में भीषण आग, चार फायर गाड़ियों ने पाया काबू;एसएसपी राज करन नय्यर मौके पर
गोरखपुर।
शहर के सबसे व्यस्त इलाके गोलघर स्थित बेबी लैंड शोरूम में सोमवार दोपहर अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते लपटें ऊपर उठने लगीं और क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की चार गाड़ियां तुरंत मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का कार्य शुरू किया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक राज करन नय्यर स्वयं घटना स्थल पर पहुंचे और राहत-बचाव कार्यों की व्यक्तिगत निगरानी की। उन्होंने बताया कि आग लगने के सटीक कारणों की जांच की जा रही है। विशेष एग्जॉस्टर की मदद से धुएं को तेजी से निकाला गया, जिससे दमकल कर्मियों को आग पर काबू पाने में सुविधा हुई।
शोरूम के ठीक ऊपर पंजाब एंड सिंध बैंक की शाखा होने से बड़ा खतरा था, लेकिन दमकल की त्वरित कार्रवाई से आग को ऊपरी मंजिल तक फैलने से रोक लिया गया। सीओ कैंट योगेंद्र सिंह भी मौके पर मौजूद रहे। एसपी ट्रैफिक राजकुमार पांडेय ने ट्रैफिक डायवर्जन कर भीड़भाड़ वाले इलाके में आवागमन सुचारू रखा।
फिलहाल आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया है। स्मोल्डरिंग पॉइंट्स को ठंडा करने का काम जारी है। किसी प्रकार की जनहानि या बड़े वित्तीय नुकसान की सूचना नहीं है। पुलिस व फायर ब्रिगेड टीमें पूरे परिसर की सुरक्षा जांच कर रही हैं।















