संविधान दिवस पर कलेक्ट्रेट में सामूहिक शपथ: उद्देशिका की भावना को जीवन में उतारने का संकल्प
गोरखपुर। 76वें संविधान दिवस के अवसर पर बुधवार को कलेक्ट्रेट के पर्यटन भवन सभागार में भव्य शपथ ग्रहण कार्यक्रम आयोजित हुआ। एडीएम प्रशासन सहदेव मिश्र ने सभी अधिकारियों-कर्मचारियों को संविधान की प्रति हाथ में लेकर उद्देशिका की शपथ दिलाई।
शपथ के दौरान सभी ने एक स्वर में प्रतिज्ञा ली कि “हम भारत के नागरिक भारत को एक सम्पूर्ण प्रभुत्व-संपन्न, समाजवादी, पंथनिरपेक्ष, लोकतंत्रात्मक गणराज्य बनाने और इसके समस्त नागरिकों को सामाजिक, आर्थिक और राजनीतिक न्याय, विचार, अभिव्यक्ति, विश्वास, धर्म और उपासना की स्वतंत्रता, प्रतिष्ठा और अवसर की समता प्राप्त कराने के लिए… दृढ़ संकल्पित हैं।”
एडीएम प्रशासन सहदेव मिश्र ने कहा, “संविधान सिर्फ किताब नहीं, हमारी जीवन शैली है। इसके मूल्यों—न्याय, स्वतंत्रता, समता और बंधुता—को हर कदम पर जीना हमारा कर्तव्य है। प्रशासन का हर फैसला संविधान की भावना के अनुरूप होना चाहिए।”
कार्यक्रम में एडीएम सिटी अंजनी कुमार सिंह, मुख्य राजस्व अधिकारी हिमांशु वर्मा, सिटी मजिस्ट्रेट उत्कर्ष श्रीवास्तव, एसीएम द्वितीय राजू कुमार, मुख्य प्रशासनिक अधिकारी गिरीश कुमार सिंह सहित कलेक्ट्रेट के सभी अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
सभागार में बाबा साहब डॉ. भीमराव अम्बेडकर के चित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि दी गई। सभी ने संकल्प लिया कि संविधान के प्रति अपनी निष्ठा को कभी कम नहीं होने देंगे।
संविधान दिवस का यह आयोजन कलेक्ट्रेट परिवार में राष्ट्रीय एकता, समानता और संवैधानिक मूल्यों के प्रति गहरी आस्था का प्रतीक बना।















