सदर तहसील में मतदाता हेल्प डेस्क सक्रिय: 322 विधानसभा के मतदाताओं की समस्याओं का तुरंत निस्तारण
गोरखपुर। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं डीएम दीपक मीणा के निर्देश पर सदर तहसील में स्थापित मतदाता हेल्प डेस्क पूरी मुस्तैदी से काम कर रहा है। 322 गोरखपुर शहर विधानसभा क्षेत्र के मतदाताओं के लिए यह डेस्क वरदान साबित हो रहा है।
हेल्प डेस्क पर तैनात कर्मचारी नाम सुधार, पता बदलाव, नया नाम जोड़ना, मृतक/स्थानांतरित मतदाताओं का नाम हटाना, डुप्लीकेट एंट्री सुधार जैसी हर समस्या को तुरंत सुनकर सुलझा रहे हैं। फॉर्म में दस्तावेज़ की कमी हो या फील्ड में बीएलओ न पहुंच पाने की शिकायत हो, हर मामले को सुपरवाइजर और एईआरओ तक तत्काल पहुंचाया जा रहा है।
पूरी प्रक्रिया की निगरानी रजिस्ट्रार कानूनगो एवं 322 विधानसभा चुनाव प्रभारी राजू सिंह स्वयं कर रहे हैं। वे रोज़ाना हेल्प डेस्क का निरीक्षण कर रहे हैं और यह सुनिश्चित कर रहे हैं कि एक भी शिकायत लंबित न रहे।
मतदाता बता रहे हैं कि पहले तहसील के चक्कर लगाने पड़ते थे, अब एक ही जगह बैठे-बैठे सारी दिक्कतें दूर हो जा रही हैं। कई बुजुर्ग और महिलाएं खास तौर पर राहत महसूस कर रही हैं।
अधिकारियों का कहना है कि SIR अभियान और मतदाता सूची शुद्धिकरण का लक्ष्य 100% सटीकता का है। हेल्प डेस्क इसी दिशा में सबसे मजबूत कड़ी बना हुआ है। आने वाले दिनों में और अधिक मतदाताओं को जागरूक कर इसकी पहुंच बढ़ाई जाएगी।
हेल्प डेस्क की सक्रियता से मतदाता सूची पूरी तरह दुरुस्त और पारदर्शी बनाने का लक्ष्य तेजी से पूरा होता दिख रहा है।















