दशहरा पर्व पर गोरखपुर में चाक-चौबंद तैयारी: नगर आयुक्त ने जुलूस मार्ग का लिया जायजा
गोरखपुर। दशहरा पर्व और मुख्यमंत्री के जुलूस मार्ग की तैयारियों को लेकर नगर निगम पूरी तरह सक्रिय है। शुक्रवार, 26 सितंबर 2025 की रात नगर आयुक्त गौरव सिंह सोगरवाल ने जुलूस मार्ग का निरीक्षण कर साफ-सफाई, सजावट और प्रकाश व्यवस्था की समीक्षा की। उन्होंने संबंधित विभागों को समयबद्ध कार्य पूर्ण करने के सख्त निर्देश दिए।
निरीक्षण में नगर आयुक्त ने मार्ग के गड्ढों को पैच करने, नालियों पर स्लैब लगाने, वॉल पेंटिंग, पोस्टर-बैनर, फूलों व कपड़ों से सजावट और स्टैंडी लगाने के आदेश दिए। प्रकाश विभाग को झालरों के साथ उचित प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा। निर्माण, स्वास्थ्य व जलकल विभाग के कर्मचारियों की ड्यूटी जुलूस मार्ग पर लगाने के निर्देश दिए गए।
बैठक में विसर्जन रूटों को गड्ढा मुक्त करने, कृत्रिम पोखरों पर बैरिकेडिंग, सफाई, प्रकाश व्यवस्था और पेट तैयार करने का आदेश दिया। आकस्मिक स्थिति के लिए क्विक रिस्पांस टीम (QRT) गठित करने को कहा गया। नगर आयुक्त ने स्पष्ट किया कि दशहरा तक किसी कर्मचारी या अधिकारी को अवकाश नहीं मिलेगा।
यह प्रयास दशहरा पर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और भव्य बनाने में महत्वपूर्ण है। प्रशासन की सक्रियता से श्रद्धालुओं को सुगम और सुरक्षित आयोजन का भरोसा मिला है।















