महिला सुरक्षा व कानून-व्यवस्था पर उच्च स्तरीय बैठक
अपराधियों को शीघ्र सजा दिलाना प्राथमिकता – मंडलायुक्त अनिल ढींगरा
गोरखपुर। गोरखपुर मंडल में कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ करने और मिशन शक्ति को प्रभावी ढंग से लागू करने के लिए मंडलायुक्त सभागार में उच्च स्तरीय बैठक आयोजित हुई। मंडलायुक्त अनिल ढींगरा की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में महिला अपराधों से संबंधित लंबित मुकदमों की त्वरित सुनवाई और अपराधियों को शीघ्र दंडित करने पर विशेष जोर दिया गया।
मंडलायुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि महिला अपराधों के मामलों में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाए और पीड़िताओं को समयबद्ध न्याय मिले। उन्होंने कहा कि मिशन शक्ति का उद्देश्य केवल अपराधियों को सजा देना ही नहीं, बल्कि समाज में महिलाओं और बालिकाओं में सुरक्षा की भावना स्थापित करना भी है। इसके लिए संवेदनशील स्थानों पर नियमित गश्त बढ़ाने और खुफिया तंत्र को मजबूत करने के सख्त निर्देश दिए गए। कानून-व्यवस्था बनाए रखने में किसी भी प्रकार की ढिलाई बर्दाश्त नहीं होगी।
बैठक में मंडल की समग्र कानून-व्यवस्था की समीक्षा की गई और पुलिस-प्रशासनिक अधिकारियों ने अब तक की प्रगति प्रस्तुत की। मंडलायुक्त ने सभी विभागों को समन्वय बनाकर प्रभावी कार्यवाही करने और समस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करने को कहा।
बैठक में डीआईजी रेंज एस. चनप्पा, जिलाधिकारी दीपक मीणा, एसएसपी राज करन नैय्यर, पुलिस अधीक्षक ट्रैफिक राज कुमार पांडेय, सिटी मजिस्ट्रेट उत्कर्ष श्रीवास्तव सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे। यह बैठक महिला सुरक्षा और कानून-व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित हुई।















