तिवारीपुर में डीजे-मूर्तिकारों संग बैठक, दो से अधिक डीजे पर कड़ी कार्रवाई
गोरखपुर। दुर्गा पूजा, दीपावली और छठ पर्व को लेकर तिवारीपुर थाने में डीजे संचालकों और मूर्तिकारों की बैठक थानेदार सूरज सिंह की अध्यक्षता में हुई। उन्होंने शासन के निर्देशों की जानकारी दी और कड़ाई से पालन का आदेश दिया। सभी संचालकों और मूर्तिकारों से अनुबंध पत्र भरवाए गए, साथ ही चौकी प्रभारियों को क्षेत्र में सतर्क निगरानी के निर्देश दिए।शासन की गाइडलाइन के मुताबिक, पर्वों पर मनमाने ढंग से 5-10 डीजे लगाकर तेज आवाज में बजाना, जो आम जनता के लिए परेशानी का सबब बनता था, अब प्रतिबंधित है। थानेदार सूरज सिंह ने स्पष्ट किया कि केवल दो डीजे की अनुमति होगी, वह भी थाने से लिखित मंजूरी के बाद। उन्होंने कहा, “कोई दबाव बनाए तो थाने से लिखित अनुमति लाने को कहें।” मूर्तिकारों को निर्देश दिया कि वे बनाई गई मूर्तियों की संख्या और बिक्री का विवरण, साथ ही संबंधित थाना क्षेत्र, चौकी प्रभारी के रजिस्टर में दर्ज कराएं।सूरज सिंह ने जागरूकता पर जोर देते हुए कहा, “शासन के नियमों का पालन करें, मैं आपकी सेवा में हूं।” बैठक में चौकी प्रभारी डोमिनगढ़ शशि किरण सिंह, जाफरा बाजार के राजेश पांडेय, सब-इंस्पेक्टर रोहित साहू, दीनानाथ पांडेय, बीट पुलिसकर्मी, डीजे संचालक और मूर्तिकार शामिल रहे।















