जयपुरिया स्कूल में पोस्टर मेकिंग और जागरूकता रैली, नशा मुक्ति और जल संरक्षण का संदेश
बस्ती। सेठ एम. आर. जयपुरिया स्कूल, बस्ती में इनर व्हील क्लब ऑफ बस्ती मिडटाउन के सहयोग से कक्षा 8 और 9 के विद्यार्थियों के लिए एक प्रेरक पोस्टर मेकिंग प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। “नशा मुक्ति भारत अभियान” और “जल बचाओ अभियान” जैसे ज्वलंत विषयों पर आधारित इस प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने अपनी रचनात्मकता से सामाजिक मुद्दों को प्रभावी ढंग से उजागर किया। प्रतियोगिता के बाद विद्यार्थियों ने सामाजिक जागरूकता का अनुकरणीय उदाहरण पेश किया। उन्होंने विद्यालय परिसर से सटे गाँव में रंग-बिरंगे बैनर और पोस्टरों के साथ एक जागरूकता रैली निकाली। नारे लगाते हुए और नशे के दुष्प्रभावों व जल संरक्षण के महत्व को रेखांकित करते हुए उन्होंने स्थानीय निवासियों को संवेदनशील संदेश दिए।
यह रैली समाज में सकारात्मक बदलाव लाने का एक सशक्त माध्यम बनी।कार्यक्रम की अध्यक्षता इनर व्हील क्लब की अध्यक्ष श्रीमती आशा अग्रवाल ने की। उन्होंने विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए विजेताओं को ट्रॉफी प्रदान की। क्लब की सचिव श्रीमती साधना गोयल, कोषाध्यक्ष श्रीमती सीमा गुप्ता, आईएसओ श्रीमती दीपिका गुप्ता और अन्य सदस्याएँ शिवांगी पांडे व प्रतिमा जैसवाल भी उपस्थित रहीं।
विद्यालय के निदेशक श्री विशाल सिंह, श्री मनीष अग्रवाल और श्री हिमांशु सेन ने प्रतिभागियों की हौसला-अफजाई की। प्राचार्य श्री सुभाष जोशी ने कहा, “ऐसे आयोजन विद्यार्थियों में रचनात्मकता के साथ-साथ सामाजिक जिम्मेदारी का भाव जगाते हैं। यह उन्हें जागरूक और संवेदनशील नागरिक बनने की दिशा में प्रेरित करता है।”विजेताओं की सूची कक्षा 8: प्रथम- अर्शी फातिमा, द्वितीय- अंश प्रताप सिंह, तृतीय- बुशरा फातिमा कक्षा 9: प्रथम- अर्णव दुबे, द्वितीय- आस्था मौर्या, तृतीय- सूर्यान्श त्रिपाठी















