सीएम योगी का सख्त निर्देश- जन समस्याओं में हीलाहवाली बर्दाश्त नहीं, 200 लोगों की सुनीं शिकायतें
गोरखपुर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को गोरखनाथ मंदिर परिसर में जनता दर्शन के दौरान करीब 200 लोगों की समस्याएं सुनीं। महंत दिग्विजयनाथ स्मृति भवन के बाहर आयोजित इस कार्यक्रम में सीएम खुद लोगों तक पहुंचे, उनकी शिकायतें ध्यान से सुनीं और अधिकारियों को त्वरित, पारदर्शी व संतुष्टिपरक निस्तारण के निर्देश दिए। उन्होंने साफ कहा कि जन समस्याओं के समाधान में किसी भी तरह की हीलाहवाली बर्दाश्त नहीं होगी।
हर समस्या का समाधान सरकार की प्राथमिकता
सीएम ने कहा कि जनता की हर समस्या के निस्तारण के लिए सरकार प्रतिबद्ध है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि प्रत्येक पीड़ित के साथ संवेदनशील व्यवहार अपनाएं और उनकी समस्याओं का गुणवत्तापूर्ण समाधान करें। प्रार्थना पत्रों को संबंधित अधिकारियों को सौंपते हुए उन्होंने त्वरित कार्रवाई का भरोसा दिलाया और कहा कि किसी के साथ अन्याय नहीं होने दिया जाएगा।
अवैध कब्जे पर सख्ती, इलाज में मदद
मुख्यमंत्री ने अवैध कब्जों और कमजोरों को परेशान करने वालों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई का निर्देश दिया। जनता दर्शन में कई लोग गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए आर्थिक सहायता की मांग लेकर पहुंचे। सीएम ने उन्हें आश्वस्त किया कि सरकार इलाज के लिए पूरी मदद करेगी। उन्होंने अधिकारियों को इलाज के इस्टीमेट जल्द तैयार कर शासन को भेजने का निर्देश दिया।
आवास और बच्चों को आशीर्वाद
आगरा से आई एक महिला ने आवास की समस्या बताई, जिसे सीएम ने शासन की योजनाओं के तहत समाधान का भरोसा दिया। कई महिलाएं अपने बच्चों के साथ पहुंची थीं, जिन्हें सीएम ने चॉकलेट देकर प्यार-दुलार किया और उज्ज्वल भविष्य का आशीर्वाद दिया। यह जनता दर्शन विभिन्न जिलों से आए लोगों के लिए उनकी समस्याओं के समाधान का एक प्रभावी मंच साबित हुआ।















