शौचालय निर्माण की रकम 15 दिन में लौटाएं, नहीं तो भुगतें मुकदमे की मार
3.78 करोड़ की अनियमितता, 145 पंचायतें दोषी,इन पंचायतों पर लटकी तलवार
पहले भी कार्रवाई, अब सख्ती,डीपीआरओ का अल्टिमेटम, 15 दिन में जमा करें रकम
संतकबीरनगर। जिले की 26 ग्राम पंचायतों पर शौचालय निर्माण के लिए आवंटित 33.87 लाख रुपये न लौटाने का गंभीर आरोप है। स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) के तहत ग्राम निधि-06 खाते में यह रकम जमा करने के लिए संबंधित ब्लॉकों के सहायक विकास अधिकारियों (एडीओ) पंचायत को 15 दिन का अल्टिमेटम दिया गया है। यदि समयसीमा में रकम जमा न हुई, तो 26 ग्राम प्रधानों, 13 सचिवों और संबंधित फर्मों के खिलाफ एफआईआर दर्ज होगी। यह सख्त फरमान जिला पंचायत राज अधिकारी (डीपीआरओ) मनोज कुमार यादव ने जारी किया है।
3.78 करोड़ की अनियमितता, 145 पंचायतें दोषी
10 मई 2021 को अपर मुख्य सचिव ने स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) के तहत ऑनलाइन पेमेंट प्रणाली लागू करने और चेक से धन निकासी पर रोक लगाने का निर्देश दिया था। इसके बावजूद जिले की 145 ग्राम पंचायतों ने 3,78,19,784 रुपये फर्मों को ट्रांसफर कर नियम तोड़े। यह गड़बड़ी पूर्व डीपीआरओ की समीक्षा में पकड़ी गई, जिसके बाद मामला तत्कालीन जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर तक पहुंचा।
इन पंचायतों पर लटकी तलवार
डीपीआरओ के अनुसार, खलीलाबाद ब्लॉक की जंगलऊन, फेरुसा, करी, नौहट, नेहिया खुर्द बुजुर्ग, ढेलुआखोर, फरेंदिया, लक्ष्मीपुर, हाड़ापार, सेमरियावां, रक्शा देवई, तिलजा, दुघराकला; हैसर बाजार ब्लॉक की लहुरेगांव, बंडा बाजार, मिठना-सिठना; सांथा ब्लॉक की कटया, मोतीपुर, मुड़िला कला; पौली ब्लॉक की शनिचरा बाजार; बघौली ब्लॉक की हारापट्टी, भगवानपुर, बौरब्यास; और बेलहर कला की कोलकी चमरसन, अमरडोभा, गौहनिया माफी ने 33,87,953 रुपये जमा नहीं किए।
पहले भी कार्रवाई, अब सख्ती
नाथनगर ब्लॉक की दो पंचायतों के सचिव निलंबित हुए और सात दोषियों पर महुली थाने में केस दर्ज हुआ। नाथनगर के एडीओ आनंद मोहन और बेलहर के सभाजीत यादव भी निलंबित किए गए। जिलाधिकारी आलोक कुमार और सीडीओ जयकेश त्रिपाठी की समीक्षा से अब तक 3,44,31,831 रुपये जमा हो चुके हैं। डीपीआरओ ने चेतावनी दी कि 15 दिन में रकम जमा न होने पर एफआईआर के साथ एडीओ की जिम्मेदारी भी तय होगी।















