बकरी चोरी का प्रयास नाकाम: चिलुआताल में ग्रामीणों ने बाइक सवार चोर को पकड़ा।
गोरखपुर।। चिलुआताल क्षेत्र के एक गांव में सड़क किनारे चर रही बकरी को चुराने का प्रयास बाइक सवार चोरों का ग्रामीणों की सतर्कता के आगे विफल हो गया। घटना 8 अगस्त की शाम सात बजे की है, जब तीन युवक बाइक पर बकरी लेकर भागने लगे। स्थानीय लोगों ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक चोर को पकड़ लिया, जबकि दो फरार हो गए। पकड़े गए आरोपी की पहचान गुलरिहा के हीरागंज निवासी जुनैद के रूप में हुई है।
फत्तेपुर निवासी रामदरश, जो चाय की दुकान के साथ बकरी पालन भी करते हैं, ने पुलिस को बताया कि चोरों ने उनकी बकरी को चुराने की कोशिश की। ग्रामीणों ने आरोपी को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है, जबकि फरार चोरों की तलाश जारी है।















