आईजीआरएस शिकायत निस्तारण में जिला प्रथम, एसपी संदीप कुमार मीना ने की पुलिस की सराहना”।
संतकबीरनगर। जून 2025 की मासिक रैंकिंग में संत कबीर नगर जिला आईजीआरएस (एकीकृत शिकायत निवारण प्रणाली) पोर्टल पर जनशिकायतों के निस्तारण में पूरे उत्तर प्रदेश में प्रथम स्थान पर रहा। यह उपलब्धि पुलिस अधीक्षक (एसपी) संदीप कुमार मीना और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (एएसपी) के कुशल पर्यवेक्षण का परिणाम है। एसपी ने अपनी टीम की पीठ थपथपाई और भविष्य में भी ऐसी उत्कृष्टता बनाए रखने के लिए शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध निस्तारण पर जोर दिया।
आईजीआरएस पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों का निस्तारण ऑनलाइन होता है, जिसमें एक निश्चित समयावधि में जाँच और विधिक कार्रवाई अनिवार्य है। जाँचकर्ता अधिकारी मौके पर जाकर निष्पक्ष और गुणवत्तापूर्ण जाँच करते हैं। जून 2025 में जिले के कोतवाली खलीलाबाद, दुधारा, महुली, धनघटा, मेंहदावल, बखिरा, बेलहरकला, साइबर क्राइम थाना और महिला थाना ने भी प्रदेश में प्रथम स्थान हासिल किया। यह उपलब्धि पुलिस की सक्रियता और जनशिकायतों के प्रति संवेदनशीलता को दर्शाती है।
एसपी मीना ने कहा, “यह उपलब्धि सभी थानों और शाखाओं की मेहनत का नतीजा है। हमें जनता की शिकायतों को प्राथमिकता देकर समयबद्ध और पारदर्शी निस्तारण सुनिश्चित करना होगा।” इस उपलब्धि ने जिले में पुलिस की कार्यकुशलता और जवाबदेही को रेखांकित किया है।















