एसपी संदीप कुमार मीना का रात्रि चेकिंग प्लान, चार गाड़ियों से बढ़ेगी पुलिस सक्रियता, अपराधों पर लगेगी लगाम।
संतकबीरनगर। अपराधों पर अंकुश लगाने और पुलिस की सक्रियता बढ़ाने के लिए पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना ने रात्रि चेकिंग को और प्रभावी बनाने का नया प्लान लागू किया है। पहले पुराने ढर्रे में केवल एक गाड़ी रात्रि चेकिंग करती थी, लेकिन अब चार गाड़ियाँ जिले में भ्रमण करेंगी। इससे ड्यूटी पॉइंट्स पर पुलिसकर्मियों की मौजूदगी अनिवार्य होगी और कागजी ड्यूटी का चलन खत्म होगा।
इस व्यवस्था से पुलिस की सक्रियता बढ़ेगी और अपराधियों का मनोबल टूटेगा। जिले को एक जोन और तीन सेक्टरों (खलीलाबाद, मेंहदावल, धनघटा सर्किल) में बाँटा गया है। जोन का पर्यवेक्षण अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (एएसपी) करेंगे, जो सप्ताह में दो दिन औचक चेकिंग करेंगे। प्रत्येक रात्रि एक सर्किल अधिकारी (सीओ) पूरे जिले में और तीनों सेक्टरों में थाना प्रभारी या शाखा प्रभारी भ्रमण करेंगे।
चेकिंग अधिकारी रात 12 बजे से 4 बजे तक प्रति घंटा अपनी लोकेशन डीसीआर को नोट कराएंगे। प्रत्येक चेकिंग अधिकारी को कम से कम 2 थाने, 2 चौकियाँ, 10 गश्त पार्टियाँ, 10 पीआरवी, चीता, और 4 स्थायी/अस्थायी गार्ड चेक करने होंगे। चेकिंग का विवरण रजिस्टर में दर्ज होगा, जिसमें कर्मचारी का नाम, पीएनओ नंबर, हस्ताक्षर, और चेकिंग अधिकारी की टिप्पणी शामिल होगी। एएसपी अपनी चेकिंग की फोटो सीओ और एसओ के ग्रुप में साझा करेंगे।
एसपी मीना स्वयं रजिस्टर का अवलोकन कर चेकिंग की स्थिति जाँचेंगे और लापरवाही बरतने वालों पर कार्रवाई करेंगे। एसपी ने कहा, “रात्रि चेकिंग को प्रभावी बनाकर गश्त, पिकेट, और पीआरवी की सक्रियता बढ़ेगी। यह अपराधों पर अंकुश लगाने और घुमंतू गैंग, शरारती तत्वों, और अपराधियों पर नियंत्रण का मजबूत उपाय है।















