वृक्षारोपण महाभियान 2025 की सफलता के लिए नोडल अधिकारी की बैठक, ‘एक पेड़ माँ-गुरु के नाम’ पर जोर
“रायबरेली। नोडल अधिकारी सुभाष चंद शर्मा, प्रमुख सचिव, पिछड़ा वर्ग कल्याण एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग, उत्तर प्रदेश शासन, की अध्यक्षता में वृहद वृक्षारोपण महाभियान-2025 को सफल बनाने के लिए कलेक्ट्रेट सभागार में बैठक आयोजित हुई। बैठक में जिलाधिकारी हर्षिता माथुर, पुलिस अधीक्षक डॉ. यशवीर सिंह और संबंधित विभागीय अधिकारी मौजूद रहे। नोडल अधिकारी ने प्रभागीय वनाधिकारी आशुतोष जायसवाल से जनपद के लिए निर्धारित 53 लाख पौधों के लक्ष्य की प्रगति जानी। वनाधिकारी ने बताया कि 56 लाख पौधे तैयार हैं, गड्ढे खोदने का कार्य पूरा हो चुका है, और विभागों को पौधों के उठान के निर्देश दे दिए गए हैं।नोडल अधिकारी ने निर्देश दिए कि “एक पेड़ माँ के नाम” के साथ-साथ “एक पेड़ गुरु के नाम” भी लगाया जाए। उन्होंने जनप्रतिनिधियों से अपील की कि इस संदेश को जन-जन तक पहुँचाएँ। पौधों की सुरक्षा को बच्चों की तरह देखभाल करने की सलाह देते हुए उन्होंने समय-समय पर रोपण स्थलों का निरीक्षण करने को कहा। किसानों को कम से कम 10 पौधे लगाने, सई नदी किनारे अनुसूचित जाति-जनजाति बस्तियों में जागरूकता बढ़ाने, गौशालाओं में बरगद-पीपल जैसे छायादार पौधे लगाने और स्कूली बच्चों को माँ-गुरु के नाम पौधे लगाने के लिए प्रेरित करने के निर्देश दिए। अटल वन, एकलव्य वन, शौर्य वन, एकता वन, ऑक्सी वन, गोपाल वन, अटल आवासीय और आश्रम पद्धति विद्यालयों में भी पौधारोपण का आदेश दिया। बैठक के बाद नोडल अधिकारी ने दरियापुर और शोरा पौधशालाओं का निरीक्षण किया, जहाँ उन्होंने पौधों की गुणवत्ता जाँची और कर्मचारियों से रोपण कार्यों पर चर्चा की।















