11वां अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस: डीएम ने की तैयारियों की समीक्षा।
रायबरेली, जिलाधिकारी हर्षिता माथुर ने 11वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस (21 जून) और 15 से 21 जून तक चलने वाले योग सप्ताह की तैयारियों को लेकर कलेक्ट्रेट के बचत भवन सभागार में बैठक की। शासन के निर्देशों के अनुरूप योग सप्ताह को भव्य और प्रभावी बनाने के लिए विस्तृत कार्ययोजना पर चर्चा हुई।
क्षेत्रीय आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी डॉ. रवि प्रकाश सोनकर ने बताया कि योग सप्ताह 15 से 21 जून तक मनाया जाएगा। 15 जून को सुबह 6 बजे गुरु गोविंद सिंह उद्यान में जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी में कार्यक्रम का उद्घाटन होगा। 16 जून को सभी विद्यालयों में सामूहिक योगाभ्यास होगा। 17 जून को ग्राम पंचायतों में सामुदायिक योग सत्र और स्वास्थ्य परीक्षण कैंप आयोजित किए जाएंगे। 18 जून को अनाथालय, वृद्धाश्रम, जेल, और कुष्ठाश्रम में विशिष्ट वर्गों के लिए योग सत्र होंगे। 19 जून को सरकारी और कॉरपोरेट कार्यालयों में सामूहिक योगाभ्यास होगा। 20 जून को कुंवारी, गर्भवती, कामकाजी, और प्रौढ़ महिलाओं के लिए स्वास्थ्य केंद्रित योग कार्यशाला होगी।
21 जून को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर जनपद मुख्यालय के मोतीलाल नेहरू स्टेडियम में सुबह 6 बजे सामूहिक योगाभ्यास होगा। साथ ही, सभी ग्राम पंचायतों, ब्लॉकों, तहसीलों, ऐतिहासिक स्थलों, विद्यालयों, और महाविद्यालयों में कॉमन योग प्रोटोकॉल का अभ्यास होगा।
जिलाधिकारी ने सभी विभागों को समन्वय और तत्परता के साथ तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए। उन्होंने योग के महत्व पर जोर देते हुए कहा कि यह शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य के लिए लाभकारी है। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी अर्पित उपाध्याय, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट प्रफुल्ल शर्मा, एडीएम न्यायिक विशाल यादव, एडीएम प्रशासन सिद्धार्थ, एडीएम (वि/रा) अमृता सिंह, सिटी मजिस्ट्रेट राम अवतार वर्मा, पीडी सतीश प्रसाद मिश्रा सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे। यह आयोजन योग के प्रति जागरूकता और स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देगा।















