समाधान दिवस: 161 फरियादें सुनीं, 10 का मौके पर निस्तारण।
गोरखपुर: सदर तहसील सभागार में आयोजित समाधान दिवस में ज्वाइंट मजिस्ट्रेट/एसडीएम सदर मृणाली अविनाश जोशी की अध्यक्षता में 161 फरियादियों की समस्याएं सुनी गईं। इनमें से 10 शिकायतों का मौके पर निस्तारण किया गया, जबकि शेष के लिए संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध समाधान के निर्देश दिए गए।
ज्वाइंट मजिस्ट्रेट ने कहा कि शासन के निर्देशानुसार, हर महीने के पहले और तीसरे शनिवार को तहसील समाधान दिवस आयोजित कर फरियादियों की समस्याओं का एक छत के नीचे समाधान किया जाता है। अधिकांश मामले जमीनी और पारिवारिक विवादों से संबंधित थे। उन्होंने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि प्रार्थना पत्रों की केवल कागजी कार्रवाई न हो, बल्कि राजस्व और पुलिस विभाग संयुक्त रूप से मौके पर जाकर जमीनी स्तर पर विवादों का निस्तारण करें, ताकि फरियादियों को बार-बार परेशानी न उठानी पड़े।
समाधान दिवस में तहसीलदार सदर ज्ञान प्रताप सिंह, नायब तहसीलदार अरविंद नाथ पांडेय, नीरू सिंह, जाकिर हुसैन, आकांक्षा पासवान, प्रद्युम्न सिंह सहित अन्य जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।















