गोरखपुर में यातायात नियम तोड़ने वाले 981 वाहनों का चालान
गोरखपुर। यातायात व्यवस्था को दुरुस्त करने और सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए गोरखपुर यातायात पुलिस ने व्यापक अभियान चलाया। एसएसपी के निर्देशन और पुलिस अधीक्षक (यातायात) के नेतृत्व में क्षेत्राधिकारी यातायात, यातायात पुलिस टीम और प्रवर्तन दल ने शहर के विभिन्न हिस्सों में सघन चेकिंग की। इस दौरान अतिक्रमण, नो पार्किंग में खड़े वाहन, बिना जोन स्टीकर के ई-रिक्शा, बिना रजिस्ट्रेशन, ड्राइविंग लाइसेंस या परमिट के चल रहे वाहनों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की गई।
अभियान के तहत नौसढ तिराहा से खजनी मोड़ तक सड़क किनारे अवैध अतिक्रमण जैसे ठेले-खोमचे हटवाए गए। नो पार्किंग जोन में खड़े वाहनों का चालान किया गया। शहर के प्रमुख चौराहों और तिराहों पर बिना जोन स्टीकर वाले ई-रिक्शा, बिना लाइसेंस और परमिट के चल रहे ऑटो-रिक्शा की जांच की गई। यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले 981 वाहनों के खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम (एम.वी. एक्ट) की विभिन्न धाराओं के तहत चालान किया गया।
पुलिस ने बताया कि यह अभियान निरंतर जारी रहेगा, ताकि यातायात व्यवस्था सुचारु रहे और सड़क सुरक्षा सुनिश्चित हो। शहरवासियों से अपील की गई है कि वे यातायात नियमों का पालन करें, वाहन पार्किंग के लिए निर्धारित स्थानों का उपयोग करें और बिना वैध दस्तावेजों के वाहन न चलाएं। इस कार्रवाई से न केवल यातायात का प्रवाह बेहतर होगा, बल्कि दुर्घटनाओं में भी कमी आएगी। यातायात पुलिस की यह पहल शहर में सड़क अनुशासन को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।















