अर्बन और सीनियर सिटीजन सेंटर का डीएम-नगर आयुक्त ने लिया जायजा
गोरखपुर। मुख्यमंत्री के प्रस्तावित लोकार्पण से पहले जिलाधिकारी कृष्णा करुणेश, नगर आयुक्त गौरव सिंह सोगरवाल और मुख्य विकास अधिकारी ने सिविल लाइंस में बने अर्बन फैसिलिटेशन सेंटर और सीनियर सिटीजन डे केयर सेंटर का निरीक्षण किया। कमियों को तुरंत दुरुस्त करने के निर्देश दिए गए।
अर्बन फैसिलिटेशन सेंटर
सिविल लाइंस प्रथम में गोरखपुर क्लब के सामने 1171.64 लाख रुपये की लागत से तीन मंजिला (G+2) अर्बन फैसिलिटेशन सेंटर बनाया गया है। यह पूरी तरह वातानुकूलित है, जिसमें फायर फाइटिंग, लिफ्ट और फर्नीचर की सुविधा है। जोन 3 के वार्डों के नागरिकों को पेयजल, सीवरेज, सड़क, नाली, पथ प्रकाश, जन्म-मृत्यु प्रमाणपत्र जैसी सुविधाएं मिलेंगी। कर (जल, सीवर, संपत्ति) जमा करने और निगम की योजनाओं की जानकारी के लिए प्रशिक्षित कर्मचारी मौजूद रहेंगे। अत्याधुनिक काउंटर नागरिकों को सुगम सेवाएं प्रदान करेंगे।
सीनियर सिटीजन डे केयर सेंटर
राज्य स्मार्ट सिटी योजना के तहत 250 लाख रुपये की लागत से बना यह शहर का पहला सीनियर सिटीजन डे केयर सेंटर है। इसमें अकेले रहने वाले बुजुर्गों के लिए योगा हॉल, इनडोर गेम, पुस्तकालय, कैफेटेरिया, हेल्थ ATM, फिजियोथेरपिस्ट, जिम, डॉक्टर, आध्यात्मिक पुस्तकें, पेयजल और शौचालय की व्यवस्था है। नियमित हेल्थ चेकअप, योग सत्र और फिटनेस के लिए विशेषज्ञ उपलब्ध रहेंगे। सरकारी योजनाओं की जानकारी के लिए काउंटर बनाया गया है, ताकि बुजुर्ग लाभ उठा सकें। यह सेंटर अकेलेपन को दूर कर बुजुर्गों को सक्रिय और स्वस्थ रखेगा।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने दोनों केंद्रों की गुणवत्ता और कार्यप्रगति पर जोर दिया। लोकार्पण से पहले सभी तैयारियां पूरी करने के लिए ठेकेदारों और कर्मचारियों को सख्त हिदायत दी गई। ये केंद्र नागरिक सेवाओं और बुजुर्गों की देखभाल में मील का पत्थर साबित होंगे।















