“सेवा, सुरक्षा और सुशासन के 8 साल: संत कबीर नगर में विकास और जनकल्याण का उत्सव!
संतकबीरनगर।। प्रदेश सरकार के सेवा, सुरक्षा व सुशासन की नीति के आठ वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में जनपद में भव्य आयोजनों की तैयारी जोरों पर है। मण्डलायुक्त बस्ती मण्डल अखिलेश सिंह की अध्यक्षता में आज कलेक्ट्रेट सभागार में तैयारियों की समीक्षा बैठक आयोजित हुई। इस दौरान जिलाधिकारी महेन्द्र सिंह तंवर सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
मण्डलायुक्त ने बताया कि 25, 26 और 27 मार्च 2025 को विकास भवन के डीपीआरसी हॉल में “यूपी: भारत का ग्रोथ इंजन” थीम पर विविध कार्यक्रम होंगे। इनमें प्रदर्शनी, रोजगार मेला, आरोग्य मेला, ऋण वितरण, सांस्कृतिक कार्यक्रम और फूड कोर्ट शामिल हैं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रदर्शनी में पिछले आठ वर्षों की उपलब्धियां, जनकल्याणकारी योजनाएं और परियोजनाओं को आकर्षक फोटो, मॉडल और पम्फलेट्स के जरिए प्रदर्शित किया जाए।
कार्यक्रम का फोकस अन्नदाता किसानों की समृद्धि, महिला सशक्तिकरण, युवाओं के लिए रोजगार और ओडीओपी जैसे थीम्स पर होगा। मण्डलायुक्त ने कहा कि लाभार्थियों को टूल किट और चेक वितरण जनप्रतिनिधियों के हाथों कराया जाए। सभी विभागों को शासन के निर्देशों के अनुसार तैयारियां समय पर पूरी करने के लिए कहा गया।
इस अवसर पर मुख्य चिकित्साधिकारी, पीडी, उपायुक्त उद्योग सहित कई अधिकारी उपस्थित रहे। यह आयोजन सरकार की योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने का एक शानदार मंच साबित होगा।















