रंग बरसे भरे कैंपस में: एसआर इंटरनेशनल एकेडमी में होली का धमाल, चेयरमैन बोले- ‘दिल से दिल तक रंगों का कमाल!
संतकबीरनगर के नाथनगर में स्थित मशहूर शिक्षण संस्थान एसआर इंटरनेशनल एकेडमी का कैंपस गुरुवार को होली के रंगों से सराबोर हो उठा। अबीर-गुलाल की मस्ती, बच्चों के चहकते उत्साह और पर्व की उमंग ने पूरे माहौल को रंगीन बना दिया। नन्हे-मुन्ने बच्चों ने अपने टीचर्स और प्रबंधन के साथ मिलकर होली का जश्न मनाया, एक-दूसरे को रंग लगाकर खुशियाँ बाँटीं और पर्व की शुभकामनाएँ दीं।
एसआर ग्रुप के चेयरमैन और नाथनगर के पूर्व ब्लॉक प्रमुख राकेश चतुर्वेदी ने बच्चों को होली की बधाई देते हुए कहा, “रंग सिर्फ चेहरों पर नहीं, दिलों में भी उत्साह और उल्लास भरते हैं। शांति और भाईचारे के साथ त्योहार मनाएँ, यही सफलता का रास्ता है।” उन्होंने जनपदवासियों के लिए खुशहाली और समृद्धि की कामना भी की।
असिस्टेंट डायरेक्टर मनोज कुमार पांडेय ने बच्चों और अभिभावकों को प्रेम व सौहार्द के साथ होली मनाने का संदेश दिया, जबकि पीजी कॉलेज के प्राचार्य वेद प्रकाश पांडेय ने छात्र-छात्राओं व शिक्षकों के उज्जवल भविष्य की कामना की। इस रंगारंग मौके पर प्रिंसिपल दुर्गेश गोस्वामी, अभयानंद सिंह, मायाराम पाठक, हरिश्चंद्र यादव, प्रेम प्रकाश पांडेय, कृष्णा मिश्र, महेंद्र चौधरी सहित सभी शिक्षक-शिक्षिकाएँ मौजूद रहीं और जमकर होली की मस्ती में डूबे।















