“पहले पीजिए पानी, फिर सुनाइए फरियाद” गोरखपुर पुलिस की अनूठी पहल की चारों तरफ चर्चा।

“पहले पीजिए पानी, फिर सुनाइए फरियाद”

गोरखपुर पुलिस की अनूठी पहल की चारों तरफ चर्चा

गोरखपुर/ सहजनवा : गोरखपुर पुलिस ने जनता के साथ रिश्ते मजबूत करने और मित्रवत छवि बनाने की दिशा में एक नई पहल शुरू की है। गर्मी के मौसम को देखते हुए पुलिस ने अपने थानों और चौकियों पर फरियाद लेकर आने वाले लोगों के लिए गुड़ और ठंडे पानी की व्यवस्था की है। जैसे ही कोई फरियादी थाने पहुंचता है, पुलिसकर्मी उसे सम्मान के साथ गुड़ और ठंडा पानी पेश कर रहे हैं। इस छोटे से कदम से न केवल फरियादियों का स्वागत हो रहा है, बल्कि पुलिस के प्रति उनकी सोच में भी सकारात्मक बदलाव आ रहा है।
फरियादी कर रहे सराहना, अपराध नियंत्रण में मदद मिलेगी।
गर्मी में थानों पर आने वाले फरियादियों की सुविधा के लिए गीडा के प्रभारी निरीक्षक विजय प्रताप सिंह ने गीडा थाने के साथ-साथ पिपरौली और नौसढ़ चौकियों पर गुड़ और ठंडे पानी की व्यवस्था सुनिश्चित की है। इस पहल का असर तुरंत दिखाई दे रहा है। थानों और चौकियों पर पहुंचने वाले फरियादी इस मानवीय कदम की जमकर तारीफ कर रहे हैं। रविवार को पिपरौली चौकी पर इस व्यवस्था की निगरानी करते हुए गीडा प्रभारी निरीक्षक विजय प्रताप सिंह और पिपरौली चौकी प्रभारी कमलेंद्र सिंह मौजूद रहे। यहां फरियादियों के लिए पानी के जार के साथ गुड़ की व्यवस्था देखने को मिली। पुलिस कर्मी स्वयं फरियादियों को पानी पिलाने में सहयोग करते नजर आए, जो इस पहल को और खास बनाता है।
चौकी पर फरियाद लेकर आए संदीप और मंगल मिश्रा व सुनीता ने अपने अनुभव साझा करते हुए कहा, “लोग आमतौर पर थाने जाने से डरते हैं, लेकिन अब हालात बदल रहे हैं। पुलिस अब मित्र की भूमिका में दिख रही है, जो हमें सहज महसूस कराती है।” पुलिस अधिकारियों का मानना है कि हर फरियादी के साथ मित्रवत व्यवहार करने से उनकी समस्या को बेहतर ढंग से समझा जा सकेगा, जिससे मामले की गहन जांच और त्वरित कार्रवाई में मदद मिलेगी।

पुलिस-पब्लिक के बीच बढ़ेगी नजदीकी, अपराध पर लगेगी लगाम


इस संबंध में गीडा प्रभारी निरीक्षक विजय प्रताप सिंह ने कहा, “हमारा मकसद जनता और पुलिस के बीच विश्वास का सेतु बनाना है। जब पुलिस पब्लिक के साथ मित्र जैसा व्यवहार करेगी, तो लोग बिना किसी हिचकिचाहट के अपनी बात रख सकेंगे। इससे न केवल सूचनाओं का आदान-प्रदान बढ़ेगा, बल्कि अपराध को नियंत्रित करने में भी पुलिस को व्यापक सहयोग मिलेगा।” उन्होंने आगे बताया कि यह व्यवस्था सभी मौसमों में जारी रखने पर विचार किया जा रहा है, ताकि फरियादियों को हर स्थिति में राहत और सम्मान मिले। फिलहाल, गर्मी को ध्यान में रखते हुए क्षेत्र के चौकियों पर गुड़ और ठंडे पानी की सुविधा उपलब्ध कराई गई है।

समाज में फैल रही सकारात्मक चर्चा

इस पहल की जानकारी स्थानीय लोगों तक पहुंचते ही सोशल मीडिया और समुदाय में सकारात्मक चर्चा शुरू हो गई है। कई नागरिकों का कहना है कि यह कदम पुलिस को जनता के करीब लाने में मील का पत्थर साबित हो सकता है। विशेषज्ञों का भी मानना है कि ऐसी पहल से पुलिस की छवि में सुधार होगा और अपराध के खिलाफ जागरूकता बढ़ाने में भी मदद मिलेगी।

Previous articleसैम पब्लिक स्कूल में बच्चों की प्रतिमा को सराहा गया ।
Next articleनेत्र कुंभ-2025 का भव्य समापन: गोरखपुर के स्वयंसेवकों की ऐतिहासिक वापसी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here