अजब गजब संपत्ति विवाद में हंसिया से प्रहार कर चाचा को मार डाला।
-बखिरा थाना क्षेत्र के सूपा गांव की घटना
-सूचना पर फोरेंसिक टीम के साथ पहुंची पुलिस ने की जांच पड़ताल
-साले की पत्नी ने दो भतीजे पर गैर इरादतन हत्या का दर्ज कराया केस
-दोनों आरोपी भतीजे हिरासत में, पुलिस ने शुरू की पूछताछ
——–
संतकबीरनगर।
बखिरा थाना क्षेत्र के सूपा गांव में रविवार को संपत्ति के विवाद में सगे भतीजों ने हंसिया से प्रहार कर चाचा को मार डाला। सूचना पर एएसपी, सीओ, एसओ और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंच गई। फोरेंसिक टीम ने जांच पड़ताल कर नमूना जुटाया। पुलिस ने साले की पत्नी की तहरीर पर दोनों आरोपी भतीजों के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का केस दर्ज किया है। पुलिस ने दोनों आरोपी भतीजों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
ग्रामीणों ने बताया कि सूपा गांव निवासी राम सुमेर गौतम (65) पुत्र जोरई गांव के बाहर मकान बनवा कर रहते थे। इनके अपनी कोई संतान नहीं है। इनकी पत्नी की बीमारी से करीब चार महीने पहले मौत हो गई थी। इनके भतीजों को शक था कि कहीं रामसुमेर अपनी संपत्ति बेंच न दें अथवा किसी गैर को न दे दें। रविवार को रामसुमेर की उनके भतीजे शक्तिमान और बलिराम उर्फ नानू से कहासुनी शुरू हुई और विवाद बढ़ गया। आरोप है कि दोनों भतीजों ने हंसिया से सिर पर प्रहार कर रामसुमेर को मरणासन्न कर दिया। बाद में एंबुलेंस से घायल को जिला अस्पताल ले गए, जहां रामसुमेर की मौत हो गई। रामसुमेर के साले की बीबी सोनी देवी पत्नी राजमन निवासी बढ़या बाबू का आरोप है कि घटना की सूचना पर वह बहनोई रामसुमेर के घर गई तो देखा कि ननदोई की मृत्यु हो गई है। आरोप है कि भतीजे शक्तिमान और बलिराम उर्फ नानू ने उसके ननदोई रामसुमेर को मार डाला है।
—————————-
रिश्तेदार सोना देवी की तहरीर पर आरोपी भतीजे शक्तिमान और बलिराम के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का केस दर्ज किया गया। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम हाउस भेज दिया गया है।
लाल बिहारी निषाद
थानाध्यक्ष बखिरा
——————————————-
एक बीघा जमीन बनी मौत की वजह
बखिरा। क्षेत्र के सूपा निवासी रामसुमेर की मौत का कारण उनके नाम से सड़क के किनारे की करीब एक बीघा जमीन बताई जा रही है। इनकी सम्पत्ति पर आरोपी भतीजों की नजर थी। दोनों चाचा को अपने साथ रखना चाहते थे। जबकि रामसुमेर स्वच्छन्द रहना चाहता था। दो तीन साल पहले गांव की एक जमीन बेचकर इसने अपना घर बनवाया था।















