: बदमाशों ने फायरिंग कर बस्ती के मुर्गी फार्म संचालक से लूटे 2.67 लाख रुपये.
-जनपद देवरिया के भटनी से मुर्गी-मुर्गा बेचकर पिकअप से लौट रहे थे
-संतकबीरनगर और गोरखपुर के बार्डर पर काले रंग की सफारी सवार बदमाशों ने की वारदात
-पीड़ित ने 112 नंबर पर दी सूचना तो सक्रिय हुई संतकबीरनगर पुलिस
-बस्ती के खझौला चौकी पर रुके पीड़ित, फिर वापस लेकर लौटी पुलिस
-दो जिलों के सीमा विवाद में रात भर उलझा रहा मामला
-देर शाम एसपी संतकबीरनगर ने पीड़ित से तहरीर प्राप्त कर केस दर्ज करने का दिया निर्देश
—————————————————————————–
संतकबीरनगर….
गोरखपुर-संतकबीरनगर की सीमा पर गुरुवार की रात सफारी सवार बदमाशों ने फायरिंग कर दहशत फैला दी और वाहन रोकवा कर बस्ती के मुर्गी फार्म संचालक से 2.67 लाख रुपये लूट लिए। सूचना पर कोतवाली खलीलाबाद और सहजनवा की पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन दो जिलों के सीमा विवाद में रात भर मामला उलझा रहा। शुक्रवार की देर शाम एसपी संतकबीरनगर ने कोतवाली खलीलाबाद पुलिस को केस दर्ज कर मामले का पर्दाफाश करने का निर्देश दिया।
बस्ती जनपद के पुरानी बस्ती थाना क्षेत्र के चैनपुरवा के रहने वाले आदित्य शुक्ला उर्फ वैभव शुक्ला पुत्र विजय प्रकाश शुक्ला गांव पर ही मुर्गी फार्म संचालित करते हैं। आदित्य शुक्ला के मुताबिक गुरुवार को वह परशुरामपुर क्षेत्र के नरायनपुर के निवासी सहकर्मी सूरज विश्वकर्मा पुत्र द्वारिका विश्वकर्मा और वाल्टरगंज क्षेत्र के संसारपुर पिपरा जब्ती निवासी शंभू पुत्र राम निवास के साथ पिकअप से मुर्गी-मुर्गा की सप्लाई देने निकले थे। वाहन सूरज विश्वकर्मा चला रहे थे। पहले खलीलाबाद में मुर्गी की सप्लाई दी, फिर देवरिया जनपद के भटनी गए और मुर्गी की सप्लाई दी। दोनों जगह मिले 2.67 लाख रुपये बैग में रख कर वाहन की डिग्गी में रख दिए। तीनों लोग वापस लौट रहे थे। रात करीब साढ़े दस बजे गोरखपुर जनपद के गीडा क्षेत्र में जीरो प्वाइंट से थोड़ा आगे ठेले पर चाय देख कर रुके और फिर चाय पिए। आरोप है कि सहजनवा और कोतवाली खलीलाबाद क्षेत्र की सीमा पर पहुंचे ही थे। उसी दौरान काले रंग की सफारी में सवार तीन-चार की संख्या में बदमाश असलहा निकाल कर लहराते हुए उनके वाहन को ओवरटेक किए। बदमाशों ने पहले हवाई फायरिंग की। फिर दो फायर और किए। जिसमें से एक गोली पिकअप के बोनट पर और दूसरी गोली जाली पर लगी। बदमाशों ने उनके वाहन को रोकवा लिया और डिग्गी में रखा 2.67 लाख रुपये का रखा बैग छीन लिए। घटना से वे लोग काफी सहम गए। ड्राईवर सूरज ने तेजी से गाड़ी चलाना शुरू किया। उसी दौरान उन्होंने डायल 112 नंबर पर फोन किए। उन लोगों को ऐसा लग रहा था कि बदमाश सफारी से पीछा कर रहे हैं और उन्हें कहीं गोली न मार दें। वे लोग बस्ती जनपद के खझौला पुलिस चौकी के पास रुके तो कोतवाली खलीलाबाद की पुलिस मिली। खलीलाबाद की पुलिस पीड़ित मुर्गी फार्म संचालक को लेकर घटना स्थल पर गई। सूचना पर गोरखपुर जिले के सहजनवा थाने की पुलिस भी पहुंच गई। दोनों जिलों की पुलिस टीम ने पीड़ित से पूछताछ की। पीड़ित ने बताया कि सहजनवा थाने पर तहरीर दिया है। वहां की पुलिस ने बताया कि उसने जो डायल 112 नंबर पर काल किया था, उसका सीडीआर निकलवा रही है। जबकि एसओ सहजनवा विशाल उपाध्याय ने बताया कि फायरिग और लूट की घटना कोतवाली खलीलाबाद क्षेत्र में घटित हुई है। पीड़ित ने घटना के दौरान डायल 112 नंबर की पुलिस टीम को सूचना दिया था। उसी सूचना पर कोतवाली खलीलाबाद की पुलिस सक्रिय हुई और जांच पड़ताल की। यह घटना सहजनवा क्षेत्र में नहीं हुई है। इधर कोतवाल सतीश सिंह ने बताया कि पीड़ित मुर्गी फार्म संचालक को तहरीर देने के लिए बुलाया जा रहा है। जैसे ही तहरीर मिलेगी, वैसे ही केस दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
——————————
कोतवाली खलीलाबाद और सहजनवा के बार्डर पर घटना हुई है। पीड़ित से तहरीर प्राप्त कर केस दर्ज करने का निर्देश कोतवाली पुलिस को दिया है। मामले में कोतवाली पुलिस और एसओजी टीम को लगाया गया है। उम्मीद है कि जल्द ही मामले का पर्दाफाश हो जाएगा।
सत्यजीत गुप्ता,
एसपी संतकबीरनगर















