संदिग्ध हाल में कारपेंटर की मौत ,पुणे में करता था कारपेंटर का काम,चार महीने पहले आया था गांव

संदिग्ध हाल में कारपेंटर की मौत।

-पुणे में करता था कारपेंटर का काम,चार महीने पहले आया था गांव

-रात में बाहर से आकर बिना भोजन किए सोया था

-मां उठाने गई तो नहीं उठा,सीएचसी मेंहदावल के डॉक्टरों ने मृत घोषित किया 

-पोस्टमार्टम रिपोर्ट पर टिकी पुलिस की नजर

संतकबीरनगर।।।।

बखिरा क्षेत्र के ढोंढ़या गांव के रहने वाले कारपेंटर की गुरुवार की रात संदिग्ध हाल में मौत हो गई। परिजन आनन-फानन में युवक को सीएचसी मेंहदावल ले गए, वहां देखते ही डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। परिजन युवक के मौत की स्पष्ट वजह नहीं बता पाए। शुक्रवार को पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम हाउस भेज दिया। पुलिस की नजर पीएम रिपोर्ट पर टिकी है। 

  पोस्टमार्टम हाउस आए ढोंढ़या निवासी चचेरे भाई आद्या प्रसाद, बेचन साहनी, अजय साहनी, सत्येंद्र साहनी ने बताया कि 21 वर्षीय मुकेश साहनी पुत्र स्वर्गीय भगवान दास गुरुवार की रात बाहर से शराब पीकर घर लौटा। नशे में होने की वजह से भोजन भी नहीं किया और सोने चला गया। रात में ही कुछ देर बाद मां सिताबी देवी भोजन करने के लिए बेटे को जगाने गई। मां की कोशिश के बाद भी मुकेश हिला-डुला नहीं। मां की गुहार पर परिजन और आस-पास के लोग जुट गए और मुकेश को तत्काल सीएचसी मेंहदावल ले गए, वहां देखते ही डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। 

लोगों ने बताया कि मुकेश तीन भाई और इकलौती बहन में सबसे छोटा था। मुकेश पुणे में रहकर कारपेंटर का काम करता था। चार महीने पहले ही वह घर आया था। घटना से मां सिताबी देवी, बड़े भाई प्रदीप, जुगेश और बहन निर्मला का रो-रो कर बुरा हाल था। एसओ लाल बिहारी निषाद ने बताया कि संदिग्ध हाल में युवक की मौत हुई है। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम हाउस भेज दिया गया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से मौत की वजह पता चलेगी। उसके बाद जैसी स्थिति होगी, वैसी कार्रवाई की जाएगी।

Previous articleएसआर इंटरनेशनल के एनुअल स्पोर्ट्स में रेड हाउस रहा ओवरआल चैंपियन।
Next articleबदमाशों ने फायरिंग कर बस्ती के मुर्गी फार्म संचालक से लूटे 2.67 लाख रुपये.

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here