रिश्तेदारी में जा रहे युवक की हादसे में मौत।
-एसबीआई हैंसर बाजार शाखा के पास अज्ञात वाहन की टक्कर से हुआ हादसा
-ई-रिक्शा चला कर परिवार का उठाता था खर्च
-हैंसर बाजार ब्लॉक सफाईकर्मी संघ का भतीजा था मृतक
-सूचना पर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम हाऊस भेजा
-पोस्टमार्टम हाउस आए तमाम सफाई कर्मियों ने जताया शोक
संतकबीरनगर।।।
धनघटा क्षेत्र के हैंसर बाजार स्थित एसबीआई शाखा के पास मंगलवार की देर शाम हुए हादसे में बाइक सवार युवक की मौत हो गई। युवक रिश्तेदारी में गोरखपुर जिले के उरुवा बाजार जाने के लिए घर से निकला था। सूचना पर शव को कब्जे में लेकर पुलिस ने बुधवार को पोस्टमार्टम हाउस भेज दिया। पोस्टमार्टम हाउस आए पीड़ित परिजन गमगीन थे।
धनघटा क्षेत्र के महाखरपुर निवासी 25 वर्षीय सुनील कुमार पुत्र राम सकल मंगलवार को बाइक से रिश्तेदारी में गोरखपुर जिले के उरुवा बाजार जा रहे थे। वे धनघटा-सिकरीगंज मार्ग पर एसबीआई हैंसर बाजार शाखा के पास पहुंचे ही थे। उसी दौरान सामने से आ रहे अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में टक्कर मार दिया। हादसे में सुनील कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद आस-पास के लोग जुट गए और घायल को सीएचसी हैंसर भेजवाया। वहां से डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद घायल को जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
हैंसर बाजार ब्लॉक के सफाई कर्मचारी संघ के ब्लॉक अध्यक्ष रामभजन ने बताया कि घायल भतीजे सुनील को लेकर जिला अस्पताल जा रहे थे कि रास्ते में उसकी मौत हो गई। जिला अस्पताल पर पहुंचते ही डॉक्टरों ने भतीजे को मृत घोषित कर दिया। भतीजा सुनील कुमार तीन भाइयों में दूसरे नंबर का था। उसकी दो बहनें भी हैं। जिसमें से एक बहन की शादी हो चुकी है। भतीजा सुनील अविवाहित था और खुद का ई-रिक्शा चलाकर परिवार के खर्च में मदद करता था। घटना से पीड़ित परिवार गमगीन था। एसओ राम कृष्ण मिश्र ने बताया कि सूचना पर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। पीड़ित परिजनों की तरफ से तहरीर मिलने पर केस दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
————————
सफाई कर्मी संघ ने जताया शोक
साथी रामभजन के भतीजे की हादसे में हुई मौत की खबर पर सफाई कर्मी संघ के जिलाध्यक्ष राजेंद्र प्रसाद, महामंत्री नरेंद्र कुमार, पूर्व जिलाध्यक्ष परमहंस, संजय शर्मा, रमेशचंद्र आदि तमाम सफाई कर्मी पोस्टमार्टम हाउस पहुंच गए। पहले साथी रामभजन से घटना के बारे में जानकारी जुटाई। दुख की इस घड़ी में साथी पीड़ित परिवार के साथ खड़े रहने का भरोसा जताया। इसके साथ ही हर संभव मदद दिए जाने का आश्वासन दिया।















