बेलहर कांड के पांचों आरोपी गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया।
-पांच नवंबर को लटकती मिली थी मोहित की लाश
-पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत की वजह हैगिंग आया
-बेलहर पुलिस पर अविश्वास के बाद बखिरा एसओ को दी गई थी विवेचना
-विवेचना से आत्महत्या के लिए उकसाने का मिला मामला
संतकबीरनगर ।
बेलहर क्षेत्र के भेड़ौरा-पिकौरा के रहने वाले मोहित के मौत के मामले में पुलिस ने शुक्रवार को अलग-अलग जगहों से पांचों आरोपियों को गिरफ्तार किया। पुलिस की विवेचना मामला आत्महत्या के लिए उकसाने का पाया गया। पुलिस ने सभी आरोपियों को कोर्ट में पेश किया, जहां से कोर्ट ने आरोपियों को न्यायिक अभिरक्षा में लेते हुए जेल भेज दिया।
विवेचक बखिरा एसओ श्याम मोहन ने बताया कि भेड़ौरा-पिकौरा के रहने वाले मोहित पुत्र लालचंद की पांच नवंबर को लटकती हुई लाश मिली थी। पीड़ित मां अनीता देवी ने गांव के रहने वाले शिवपूजन समेत पांच लोगों के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कराया था। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत की वजह हैंगिंग आया था। 18 नवंबर को मामले की विवेचना उन्हें मिली। इसमें पोस्टमार्टम कर्ता डॉक्टरों का बयान दर्ज किया गया। विवेचना से लटकने की वजह से सांस रूकने से मौत होना पाया गया। विवेचना से पाया गया कि मृत्यु से पहले मृतक मोहित और अभियुक्तगण के बीच पाइप के ऊपर से बाइक ले जाने को लेकर वाद-विवाद हुआ था। जिससे मोहित को आत्म ग्लानि हुई थी। उसी से क्षुब्ध होकर मोहित ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। विवेचना से दर्ज मुकदमें में हत्या की धारा को तरमीम करते हुए आत्महत्या के लिए उकसाने की धारा बढ़ाई गई। सूचना के आधार पर एसआई लालबिहारी निषाद, एसआई सुरेन्द्र प्रसाद, हेड कांस्टेबल सुशील कुमार यादव, इन्द्रकमल यादव, विजय कुमार सिंह, कांस्टेबल रविन्द्र निषाद, महिला कांस्टेबल कोमल देवी और प्रिया शास्त्री ने पिपरी मोड़ के पास से आरोपी शिवपूजन निषाद और उनकी पत्नी गुड़िया देवी, रीता देवी, इंद्रजीत को बेलहर से गिरफ्तार किया। जबकि विवेचक बखिरा एसओ श्याम मोहन ने पांचवे आरोपी राहुल को पिपरा बोरिंग के पास से गिरफ्तार किया। विवेचक ने बताया कि सभी पांचों आरोपियों को कोर्ट में पेश किया गया। कोर्ट ने आरोपियों को न्यायिक अभिरक्षा में लेते हुए जेल भेज दिया।















