शिक्षा के साथ पर्यावरण की अलख जगा रहे मनमोहन।
-घर-घर पहुंच कर अभिभावकों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति कर रहे प्रेरित
-पांच दिनों में 800 आम के पौधे का कर चुके है वितरण
उत्तर प्रदेश। संतकबीरनगर।
जीवन की तरक्की के लिए शिक्षा महत्वपूर्ण कड़ी है। जबिक बेहतर स्वास्थ्य के लिए पर्यावरण को सुरक्षित रखना सबकी जिम्मेदारी है। यही सोच रख कर बनियाबारी के रहने वाले मनमोहन पांडेय शिक्षा के साथ पर्यावरण की अलख जगा रहे हैं। पिछले पांच दिनों में वह घर-घर जाकर अभिभावकों को आम का पौधा भेंट कर पर्यावरण संरक्षित करने का संकल्प दिलवा रहे हैं। क्षेत्र के लोग उनके पहल की तारीफ कर रहे हैं।
नगर पालिका खलीलाबाद क्षेत्र के विस्तार के पूर्व बनियाबारी निवासी मनमोहन पांडेय ग्राम प्रधान भी रह चुके हैं। उनकी पत्नी भी प्रधान रह चुकी हैं। बचपन से उनकी सोच रही है कि शिक्षा और पर्यावरण को बढ़ावा देने की तरफ पहल करें। इसी मंशा से स्कूल का संचालन शुरू किया। वे बताते हैं कि स्कूल में गरीब बच्चों को नि:शुल्क शिक्षा दिलाते हैं। इसके साथ ही पर्यावरण संरक्षण के लिए पिछले दो वर्ष तक स्कूल से फलदार पौधे का वितरण करते थे। जबकि इस साल वह खुद घर-घर जाकर बच्चों के अभिभावकों को आम का पौध भेंट कर उसकी सुरक्षा का संकल्प दिलाते हैं। पिछले पांच दिनों में वे करीब 800 पौधों का वितरण कर चुके हैं। उन्हें संरक्षक पिता वृजभूषण पांडेय समाज सेवा के लिए प्रेरित करते रहते हैं। इसके साथ ही पारितोष मिश्र, पटेश्वरी दयाल पांडेय, फैयाज अहमद, इंद्रजीत जायसवाल, बालकेश मौर्य, कृष्णचंद यादव, सुरेश प्रसाद साहनी का सहयोग मिलता रहता है।















