पानी भरने से लोगों को होती है परेशानी, गिर जाते हैं राहगीर।
संत कबीरनगर हरिहरपुर। जिले को सुबखरी, भिनखिनी, बेलवाडाड़ी और जमुहट होते हुए बस्ती जनपद से जोड़ने वाली सड़क टूटकर गड्ढे में तब्दील हो गई है। जिससे राहगीरों और स्कूली वाहनों को गुजरने में काफी दिक्कत होती है। लोगों ने सड़क के मरम्मत की मांग की है।
हरिहरपुर से सुबखरी होते हुए जमुहट के रास्ते बस्ती जाने वाली सड़क भटोलिया, सुबखरी और भिनखिनी के पास क्षतिग्रस्त हो गई है। सड़क के गड्ढे में पानी भर जाने से राहगीरों को काफी परेशानी हो रही है। दर्जनों गांवों को जोड़ने वाली इस सड़क से रोजाना बाइक व साइकिल सवार सहित चार पहिया वाहन गुजरते हैं। रोजाना स्कूली वाहन भी इस सड़क से होकर गुजरते हैं। सुभाष त्रिपाठी, चंद्रमणि त्रिपाठी, अनिल कुमार, रामचेत ने बताया कि सड़क की स्थिति काफी जर्जर है।सड़क के गड्ढों में बारिश का पानी भर जाने से राहगीरों को गहराई का अंदाजा नहीं लगता है। जिससे आए दिन दो पहिया वाहन चालक व साइकिल सवार गिरकर घायल हो रहे हैं। लोगों ने सड़क के मरम्मत की मांग की है।















