काम की ख़बर नवंबर तक रोडवेज में शामिल होंगी 200 सरकारी बसें लव कुमार सिंह, क्षेत्रीय प्रबंधक, परिवहन निगम गोरखपुर।
गोरखपुर। परिवहन निगम के बेड़े में नवंबर तक 200 नई बसें शामिल हो जाएंगी। इसमें एसी बसों के साथ इलेक्ट्रिक बस व बीएस-6 मॉडल की अन्य बसें भी होंगी जो पर्यावरण के लिए अनुकूल होंगी। इन्हें सबसे पहले प्रयागराज में होने वाले कुंभ मेले में चलाया जाएगा, जिसके बाद इसे शहरों में भेज दिया जाएगा। मेला जनवरी 2025 से मार्च तक चलेगा।
परिवहन निगम के अधिकारियों ने बताया कि इसको लेकर मुख्यालय से वीडियो कांफ्रेंसिंग कर दिशा-निर्देश मिल चुका है। यह बसें नवंबर तक आ जाएंगी। कुंभ मेले में यहां के लोगों को ले जाने में बसें सहायक होंगी। इसके बाद परिवहन निगम क्षेत्र में विभिन्न रूटों पर इनको चलाया जाएगा।
गोरखपुर क्षेत्र को 200 बसें नवंबर में मिल जाएंगी। सबसे पहले इसे कुंभ में चलाया जाएगा। उसके बाद क्षेत्र के विभिन्न रूटों पर आवश्यकतानुसार इसका परिचालन किया जाएगा। – लव कुमार सिंह, क्षेत्रीय प्रबंधक, परिवहन निगम गोरखपुर
यह बस बस्ती, महाराजगंज, देवरिया, कुशीनगर, सिद्धार्थनगर इत्यादि रूटों पर चलाई जा सकती हैं। अधिकारियों का कहना है कि आने वाले समय में यहां डबल डेकर बसें भी चलाई जा सकती हैं।
बसों में पॉलिथीन मुक्त कुंभ मेला का स्टीकर भी लगाया जाएगा, जिससे कुंभ मेले को पॉलिथीन मुक्त कर पर्यावरण को बचाने के प्रति लोगों को जागरूक किया जा सके।















