ई-पॉस मशीन से लिंक होगा कांटा, थमेगी घटतौली
अनाज वितरण में होने वाली घटतौली पर लगाम कसने की तैयारी
तौल के लिए लगे इलेक्ट्रॉनिक कांटे अब ई-पॉस मशीन से लिंक होगा
गोरखपुर।मार्च 2024 से सभी कोटे की दुकानों में तौल के लिए लगे इलेक्ट्रानिक कांटे को ई-पॉस मशीन से लिंक कराया जाएगा। इससे कांटे से जितनी तौल होगी, उतने वजन की पर्ची कार्डधारी उपभोक्ता को मिल सकेगी। साथ ही वितरित हुए अनाज के तौल का मैसेज भी उपभोक्ता के लिंकअप मोबाइल नंबर पर आएगा।
ई-पास मशीन पर वितरण का ट्रांजेक्शन होगा
अब उचित मूल्य की दुकानों पर ई-पास मशीनों को इलेक्ट्रानिक वेइंग मशीन से इस तरह जोड़ा जाएगा कि जब किसी लाभार्थी को उसके राशनकार्ड में दर्ज यूनिटों के हिसाब से राशन तौला जाएगा, तभी ई-पास मशीन पर वितरण का ट्रांजेक्शन पूरा होगा, अन्यथा नहीं। इस व्यवस्था के लागू होने से रियल टाइम में यह सुनिश्चित किया जा सकेगा कि न सिर्फ पात्र लाभार्थी को खाद्यान्न दिया गया, बल्कि उसे सही मात्रा में इसका वितरण किया गया।















