गोरखपुर जिले के चिलुआताल थाना क्षेत्र के सिक्टौर बाजार में आपरेशन से प्रसव के बाद महिला की मौत मामले में पुलिस ने अस्पताल संचालक सहित पांच पर केस दर्ज किया है। फिलहाल सभी आरोपी फरार हैं।
चिलुआताल क्षेत्र के सोनबरसा गांव की राजकुमारी पत्नी रामकरन चौहान ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि सोमवार सुबह करीब दस बजे प्रसव पीड़ा होने पर वह अपनी बहू रेशमा ( 25 ) पत्नी बीरू चौहान को सिक्टौर बाजार स्थित ओम साईं हास्पिटल ले गईं। 11 बजे के आस पास ऑपरेशन रूम में ले जाया गया। कुछ देर बाद कर्मचारियों ने बताया कि ऑपरेशन से बच्ची पैदा हुई है। परिवारीजन बाहर बैठकर जच्चा-बच्चा का इन्तजार करने लगे। इसी दौरान रेशमी की हालत बिगड़ गई और शाम करीब पांच बजे उसकी मौत हो गई।
उधर, मौत के बाद अस्पताल संचालक अरुण कुमार जायसवाल व अन्य कर्मचारी एक-एक कर फरार हो गए। प्रसूता के देवर ने 112 नम्बर पर पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची चिलुआताल पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वरिष्ठ अधिकारियों को भी घटना से अवगत कराया। रात करीब 10.30 बजे स्वास्थ्य एवं प्रशासनिक विभाग की टीम मौके पर पहुंची और अस्पताल को सील कर दिया। उधर, केस दर्ज कर पुलिस ने आरोपितों की तलाश शुरू कर दी है।















