वाहन चालानों के निस्तारण के लिए 28 नवंबर को लगेगी विशेष लोक अदालत
सुबह 10 बजे से न्यायालय परिसर में होगा आयोजन, चालान के पक्षकारों को एसएमएस और नोटिस के जरिए दी जाएगी सूचना
संतकबीरनगर। वाहन चालानों के लंबित मामलों के त्वरित निस्तारण के लिए आगामी 28 नवंबर को विशेष लोक अदालत का आयोजन किया जाएगा। जनपद न्यायाधीश रणधीर सिंह के निर्देशन में सुबह 10 बजे से न्यायालय परिसर में आयोजित होने वाली इस लोक अदालत की तैयारियों को लेकर नोडल अधिकारी लोक अदालत कृष्ण कुमार एवं मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट चेतन त्यागी ने संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक की।
बैठक में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव अनन्या साह ने बताया कि इलाहाबाद हाईकोर्ट के निर्देश पर विशेष लोक अदालत का आयोजन किया जा रहा है। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों से आयोजन को सफल बनाने के लिए आवश्यक तैयारियां पूरी करने को कहा।
इस दौरान नोडल अधिकारी कृष्ण कुमार ने क्षेत्राधिकारी को निर्देश दिया कि वाहन चालान से संबंधित पक्षकारों को एसएमएस और पुलिस पैरोकारों के माध्यम से नोटिस तामील कराकर लोक अदालत की जानकारी दी जाए, ताकि अधिक से अधिक लोग पहुंचकर अपने लंबित चालानों का निस्तारण करा सकें।
बैठक में अपर उप जिलाधिकारी शिप्रा पाल, प्रियम पांडेय, क्षेत्राधिकारी सदर, टीएसआई परमहंस, क्षेत्राधिकारी यातायात अमित कुमार और एआरटीओ प्रियंवदा सिंह सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।















