दीपावली-छठ पर्व को लेकर सोनहा पुलिस अलर्ट, आतिशबाजी की दुकानों की हुई जांच
लाइसेंसी दुकानों पर सुरक्षा इंतजाम परखे, दुकानदारों को दिए आवश्यक दिशा-निर्देश
सोनहा (बस्ती)। दीपावली और छठ पर्व को शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित ढंग से संपन्न कराने के लिए बस्ती पुलिस ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में थानाध्यक्ष सोनहा महेश सिंह ने पुलिस टीम के साथ थाना क्षेत्र में संचालित लाइसेंसी आतिशबाजी की दुकानों की जांच की। इस दौरान दुकानों पर सुरक्षा उपकरण पर्याप्त पाए गए।
थानाध्यक्ष ने दुकानदारों को निर्देश दिया कि आग से बचाव के लिए दुकानों पर बालू, पानी और अग्निशमन यंत्र की व्यवस्था रखें। दुकानों के आसपास धूम्रपान न होने दें और निर्धारित मात्रा से अधिक आतिशबाजी सामग्री का भंडारण न करें। उन्होंने सभी सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन करने की हिदायत भी दी।
पुलिस ने आमजन से अपील की कि आतिशबाजी का प्रयोग सावधानीपूर्वक करें और किसी भी तरह की लापरवाही न बरतें, ताकि त्योहार के दौरान अप्रिय घटना से बचा जा सके। पुलिस की इस पहल का उद्देश्य पर्व के दौरान सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के साथ दुकानदारों और आमजन को जागरूक करना है।















