शिक्षक एमएलसी चुनाव: डीएम-एसपी ने मतदान केंद्रों का किया निरीक्षण
निष्पक्ष और शांतिपूर्ण मतदान के लिए सुरक्षा व्यवस्था परखी, दिए सख्त निर्देश
निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन करने के निर्देश
बस्ती। गोरखपुर-फैजाबाद खंड शिक्षक निर्वाचन को निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन सतर्क है। शुक्रवार को जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी कृतिका ज्योत्स्ना और पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह ने जिले के विभिन्न मतदान केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
दोनों अधिकारियों ने नगर पालिका परिषद कार्यालय भवन, क्षेत्र पंचायत कार्यालय भवन बस्ती सदर और क्षेत्र पंचायत कार्यालय भवन हर्रैया स्थित मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मतदान संबंधी व्यवस्थाओं, तैनात कर्मचारियों की भूमिका और सुरक्षा प्रबंधों की समीक्षा की। संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए आपसी समन्वय के साथ निर्वाचन प्रक्रिया पर लगातार निगरानी रखने को कहा।
लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी : डीएम
जिलाधिकारी कृतिका ज्योत्स्ना ने कहा कि निर्वाचन प्रक्रिया में पारदर्शिता और निष्पक्षता बनाए रखना प्रशासन की प्राथमिकता है। सभी मतदान कार्मिक निर्धारित नियमों के अनुसार कार्य करें और मतदान की गोपनीयता का विशेष ध्यान रखें। उन्होंने स्पष्ट किया कि निर्वाचन कार्य में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
सुरक्षा व्यवस्था पर एसपी की नजर
पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह ने मतदान केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण कर पुलिसकर्मियों को सतर्क रहने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मतदान के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखना सर्वोच्च प्राथमिकता है। किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी मिलने पर तत्काल आवश्यक कार्रवाई की जाए।
अधिकारियों ने निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का अक्षरशः पालन सुनिश्चित करते हुए मतदान को शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के निर्देश दिए।















