मूर्ति विसर्जन स्थलों पर सुरक्षा और साफ-सफाई के पुख्ता इंतजाम करें : मंडलायुक्त
इंद्र विक्रम सिंह और डीआईजी एस. चनप्पा ने एकला बांध का किया निरीक्षण
प्रकाश व्यवस्था दुरुस्त रखने और शांतिपूर्ण विसर्जन के निर्देश
गोरखपुर। दुर्गा प्रतिमाओं के विसर्जन को सकुशल और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए शनिवार को मंडलायुक्त इंद्र विक्रम सिंह और डीआईजी रेंज एस. चनप्पा ने अधिकारियों के साथ एकला बांध स्थित विसर्जन स्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था और श्रद्धालुओं की सुविधाओं का जायजा लेते हुए सभी इंतजाम समय से पूरे करने के निर्देश दिए।
मंडलायुक्त ने कहा कि विसर्जन के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। ऐसे में स्थल पर पर्याप्त रोशनी, स्वच्छता और जरूरी सुविधाएं सुनिश्चित की जाएं। किसी भी श्रद्धालु को असुविधा नहीं होनी चाहिए।
डीआईजी एस. चनप्पा ने सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक तैयारियां समय से पूरी करने पर जोर दिया। उन्होंने भीड़ प्रबंधन और सतर्क निगरानी के निर्देश देते हुए कहा कि सभी विभाग आपसी समन्वय से जिम्मेदारियों का निर्वहन करें, ताकि विसर्जन कार्यक्रम शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सके।
निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त अजय जैन, एसपी सिटी निमिष पाटील, अपर नगर आयुक्त गौरव रंजन श्रीवास्तव सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।















