कस्तूरबा विद्यालय में 86 में 37 छात्राएं मिलीं उपस्थित, एक शिक्षिका भी गैरहाजिर
डीएम के निरीक्षण में अंग्रेजी शिक्षक की कमी, भवन और शौचालय की स्थिति भी मिली असंतोषजनक
संतकबीरनगर। जिलाधिकारी आलोक कुमार ने गुरुवार को सांथा विकासखंड के कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय खजुरी का निरीक्षण किया। इस दौरान पठन-पाठन, छात्राओं की उपस्थिति, खाद्य सामग्री की गुणवत्ता और साफ-सफाई व्यवस्था का जायजा लिया। विद्यालय में पंजीकृत 86 छात्राओं के सापेक्ष महज 37 उपस्थित मिलीं। वहीं तीन पूर्णकालिक शिक्षिकाओं में से एक अनुपस्थित पाई गई।
डीएम ने छात्राओं से पढ़ाई और शिक्षण व्यवस्था की जानकारी ली तथा उन्हें बेहतर शिक्षा के लिए प्रेरित किया। निरीक्षण में विद्यालय में अंग्रेजी विषय के शिक्षक की तैनाती नहीं होने की बात सामने आई। इस पर उन्होंने जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
विद्यालय के भवन और शौचालय की स्थिति भी संतोषजनक नहीं मिली। डीएम ने लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता को टीम गठित कर भवन की तकनीकी जांच कराने और रिपोर्ट प्रस्तुत करने को कहा। साथ ही दो वर्ष पूर्व भवन की मरम्मत के लिए उपलब्ध कराई गई धनराशि के उपयोग की भी जांच कराने के निर्देश दिए।
उपस्थिति पंजिका की जांच में जुलाई में हुए पिछले निरीक्षण से संबंधित कोई टिप्पणी दर्ज नहीं मिली। डीएम ने इसे गंभीरता से लेते हुए बीएसए को जांच कर आख्या उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। विद्यालय के समीप निर्माणाधीन उच्चीकृत विद्यालय के कार्य को गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध ढंग से पूरा कराने के लिए भी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया।
निरीक्षण के दौरान ओएसडी राकेश कुमार, कृष्णा गुप्ता समेत संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।















