नदी में कूदी महिला की जान बचाने वाले दो छात्रों का डीएम ने किया सम्मान
कृष्णा गुप्ता और सद्दाम हुसैन के साहस की सराहना, राष्ट्रीय बाल पुरस्कार के लिए भेजे जाएंगे नाम
महराजगंज। निचलौल क्षेत्र में नदी में कूदी महिला की जान बचाने वाले कक्षा 10 के छात्र कृष्णा गुप्ता और सद्दाम हुसैन को सोमवार को जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल ने सम्मानित किया। डीएम ने दोनों छात्रों को प्रशस्ति पत्र देकर उनके साहस, सूझबूझ और तत्परता की सराहना की। इस दौरान विद्यालय के प्रधानाचार्य को भी सम्मानित किया गया।
बताया गया कि पारिवारिक कलह के बाद एक महिला नदी में कूद गई थी। उसे डूबता देख दोनों छात्रों ने बिना देर किए मदद के लिए कदम बढ़ाया और अपनी जान की परवाह किए बिना नदी में उतरकर महिला को सुरक्षित बाहर निकालने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। समय रहते मदद मिलने से महिला की जान बचाई जा सकी।
सम्मान समारोह में डीएम ने कहा कि कम उम्र में दोनों छात्रों ने जिस साहस और मानवीय संवेदना का परिचय दिया, वह अनुकरणीय है। संकट की घड़ी में अपनी सुरक्षा की चिंता किए बिना किसी की जिंदगी बचाने के लिए आगे आना असाधारण साहस का परिचायक है। उनके इस कार्य से दूसरे विद्यार्थियों को भी प्रेरणा मिलेगी।
जिलाधिकारी ने बताया कि दोनों छात्रों के साहसिक कार्य को देखते हुए उनके नाम राष्ट्रीय बाल पुरस्कार के लिए भेजे जाएंगे। उन्होंने कहा कि ऐसे बच्चों को उचित मंच और पहचान मिलनी चाहिए।
डीएम ने विद्यालय के प्रधानाचार्य को सम्मानित करते हुए कहा कि विद्यालय शिक्षा के साथ विद्यार्थियों में संस्कार, संवेदनशीलता और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना विकसित करने का भी केंद्र है। छात्रों के इस साहसिक कार्य पर उनके परिवार और विद्यालय के साथ पूरे क्षेत्र में खुशी का माहौल है।















