जलभराव प्रभावित गांवों में पहुंचीं डीएम, राहत-बचाव व्यवस्था परखी
ग्रामीणों से संवाद कर जाना हाल, जल निकासी और राहत कार्यों में तेजी के निर्देश
रायबरेली। जलभराव से प्रभावित क्षेत्रों में राहत एवं बचाव कार्यों की जमीनी स्थिति परखने के लिए जिलाधिकारी सरनीत कौर ब्रोका ने तहसील महराजगंज और सदर क्षेत्र के प्रभावित गांवों का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने मौके पर ग्रामीणों से संवाद कर उनकी समस्याएं जानीं और उपलब्ध कराई जा रही राहत सुविधाओं की जानकारी ली।
जिलाधिकारी ने तहसील महराजगंज के अंतर्गत कोडरी गांव का निरीक्षण किया। इसके बाद शिवगढ़ ड्रेन की स्थिति देखते हुए संबंधित अधिकारियों को जल निकासी के लिए आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जलभराव प्रभावित क्षेत्रों में लगातार निगरानी रखी जाए और जरूरत के अनुसार तत्काल राहत एवं बचाव कार्य संचालित किए जाएं।
इसके बाद डीएम ने तहसील सदर के विकासखंड अमावां स्थित लोधीपुर गांव का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रभावित परिवारों को किसी भी स्तर पर आवश्यक सुविधाओं की कमी न होने पाए। आवागमन, पेयजल, विद्युत आपूर्ति और स्वास्थ्य सेवाओं पर विशेष ध्यान देने को कहा।
राहत शिविरों में सुविधाओं पर विशेष जोर
जिलाधिकारी ने शेल्टर होम और राहत शिविरों में रह रहे प्रभावित परिवारों के लिए गुणवत्तापूर्ण भोजन, स्वच्छ पेयजल, साफ-सफाई, प्रकाश और स्वास्थ्य सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि राहत शिविर में रह रहे किसी भी परिवार को असुविधा नहीं होनी चाहिए और उनकी समस्याओं का तत्काल समाधान किया जाए।
डीएम ने अधिकारियों को प्रभावित गांवों की स्थिति पर लगातार नजर रखने तथा किसी भी आपात स्थिति की सूचना तत्काल उच्चाधिकारियों को देने के निर्देश दिए। ग्रामीणों को भी जलभराव के दौरान सावधानी बरतने और प्रशासन के दिशा-निर्देशों का पालन करने के लिए जागरूक किया गया।
निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) सिद्धार्थ, एसडीएम महराजगंज चंद्र प्रकाश गौतम, एसडीएम सदर गौतम सिंह, अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग महिपाल सिंह सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।















