तिरंगे के रंग में सजा कोतवाली थाना, शान से लहराया राष्ट्रध्वज
पुलिसकर्मियों ने कर्तव्य, निष्ठा और निष्पक्षता से दायित्व निभाने का लिया संकल्प
गोरखपुर। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर कोतवाली थाना परिसर देशभक्ति के रंग में रंगा नजर आया। पूरे परिसर को तिरंगे की आकर्षक सजावट से सजाया गया था। चारों ओर लहराते राष्ट्रीय ध्वज और तिरंगे के रंगों ने वातावरण में राष्ट्रप्रेम और राष्ट्रीय गौरव की भावना को और मजबूत कर दिया।
स्वतंत्रता दिवस के मौके पर थाना प्रभारी पंकज कुमार सिंह ने थाना परिसर में विधिवत ध्वजारोहण कर राष्ट्रध्वज को सलामी दी। इसके बाद पुलिसकर्मियों ने कर्तव्य, निष्ठा और निष्पक्षता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने का संकल्प लिया।
थाना प्रभारी ने कहा कि पुलिस का दायित्व प्रत्येक नागरिक को बिना किसी भेदभाव के सुरक्षा, सम्मान और न्याय उपलब्ध कराना है। उन्होंने पुलिसकर्मियों से आमजन की शिकायतों को गंभीरता से सुनने तथा जरूरतमंदों की हरसंभव सहायता करने का आह्वान किया।
ध्वजारोहण के बाद थाना परिसर में मिष्ठान वितरित किया गया। पुलिसकर्मियों और मौजूद लोगों ने एक-दूसरे को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं। इस दौरान राष्ट्रीय ध्वज के साथ सेल्फी लेने को लेकर भी लोगों में खासा उत्साह नजर आया।
पूरे आयोजन के दौरान कोतवाली थाना परिसर में देशभक्ति, उत्साह और राष्ट्रीय गौरव का माहौल बना रहा।















