स्वतंत्रता दिवस से पहले गोरखपुर में पुलिस का पैदल मार्च, परखी सुरक्षा व्यवस्था
डीआईजी एस. चनप्पा और एसएसपी डॉ. कोस्तुभ ने नगर क्षेत्र का किया भ्रमण, सतर्कता बढ़ाने के निर्देश
गोरखपुर। स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर गोरखपुर पुलिस ने गुरुवार देर शाम नगर क्षेत्र में पैदल मार्च कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। पुलिस उपमहानिरीक्षक गोरखपुर परिक्षेत्र एस. चनप्पा और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. कोस्तुभ ने स्वयं प्रमुख बाजारों, सार्वजनिक स्थलों और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों का भ्रमण कर सुरक्षा इंतजामों को परखा।
अधिकारियों ने ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों से सुरक्षा व्यवस्था की जानकारी ली और संवेदनशील स्थानों पर विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता दिवस के दौरान शहर में सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह चाक-चौबंद रहनी चाहिए। संदिग्ध व्यक्तियों और वस्तुओं पर विशेष नजर रखने के साथ किसी भी सूचना पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
पैदल मार्च के दौरान पुलिस अधिकारियों ने आम लोगों से भी संवाद किया। प्रमुख स्थानों पर चेकिंग और निगरानी बढ़ाने के निर्देश दिए गए। साथ ही बाजारों, सार्वजनिक स्थलों और संवेदनशील क्षेत्रों में पुलिस की सक्रिय मौजूदगी सुनिश्चित करने को कहा गया।
अधिकारियों ने मातहतों को निर्देशित किया कि स्वतंत्रता दिवस समारोह शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित माहौल में संपन्न हो, इसके लिए सभी स्तरों पर लगातार निगरानी रखी जाए।
इस दौरान पुलिस अधीक्षक नगर निमिष पाटील, पुलिस अधीक्षक यातायात अमित श्रीवास्तव, क्षेत्राधिकारी कैंट कीर्ति निधि आनंद, क्षेत्राधिकारी कोतवाली ओंकार दत्त तिवारी सहित अन्य पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।















