डीएम ने विक्रमजोत-धुसवा तटबंध पर कटान का लिया जायजा, सुरक्षा कार्य तेज करने के निर्देश
कटान प्रभावित हिस्से पर लगातार निगरानी, डीएम बोलीं- तटबंध की सुरक्षा में लापरवाही बर्दाश्त नहीं
बस्ती। जिलाधिकारी कृतिका ज्योत्स्ना ने बुधवार को विक्रमजोत-धुसवा तटबंध के किमी 9.510 से 9.900 के बीच हो रहे कटान का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने मौके पर तटबंध की स्थिति का जायजा लेने के साथ सुरक्षात्मक कार्यों की प्रगति की जानकारी संबंधित अधिकारियों से ली।
डीएम ने तटबंध की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए कटान प्रभावित क्षेत्र में लगातार निगरानी रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नदी के जलस्तर और धारा में होने वाले बदलाव पर नजर रखी जाए तथा स्थिति के अनुसार तत्काल सुरक्षात्मक कदम उठाए जाएं, ताकि तटबंध को किसी प्रकार का नुकसान न पहुंचे।
अधिशासी अभियंता बाढ़ खंड दिनेश कुमार ने बताया कि कटान प्रभावित हिस्से में लगातार प्रोटेक्शन वर्क कराया जा रहा है। मौके पर आवश्यक संसाधन और सामग्री उपलब्ध कराकर तटबंध की सुरक्षा के लिए प्रभावी कदम उठाए जा रहे हैं। सुरक्षात्मक कार्यों के चलते फिलहाल तटबंध सुरक्षित है।
जिलाधिकारी ने प्रोटेक्शन वर्क में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखने और किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने मौके पर तैनात अधिकारियों-कर्मचारियों को पूरी तत्परता से कार्य करने तथा किसी भी आकस्मिक स्थिति की सूचना तत्काल उच्चाधिकारियों को देने को कहा।
उन्होंने कहा कि प्रशासन और बाढ़ खंड की टीम तटबंध की सुरक्षा को लेकर पूरी तरह सतर्क है। कटान की स्थिति की लगातार निगरानी की जा रही है और आवश्यकता पड़ने पर सुरक्षात्मक कार्यों में और तेजी लाई जाएगी।
निरीक्षण के दौरान उप जिलाधिकारी उमाकांत तिवारी, अधिशासी अभियंता बाढ़ खंड दिनेश कुमार सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।















