निकली भव्य तिरंगा रैली, शहर में गूंजा राष्ट्रप्रेम का संदेश
राज्य मंत्री संजय सिंह गंगवार ने किया शुभारंभ, जनप्रतिनिधियों, अफसरों और स्कूली बच्चों ने लिया हिस्सा
बदायूं। ‘हर घर तिरंगा अभियान-2026’ के तहत गुरुवार को रिजर्व पुलिस लाइन स्थित परेड ग्राउंड में भव्य तिरंगा रैली का आयोजन किया गया। रैली का शुभारंभ मुख्य अतिथि प्रदेश के गन्ना विकास एवं चीनी उद्योग राज्यमंत्री संजय सिंह गंगवार ने किया।
पुलिस लाइन से शुरू हुई तिरंगा रैली भामाशाह चौक, इंद्रा चौक, बाबूराम मार्केट, दिनेश चौक, लाबेला चौक और रोडवेज बस स्टैंड होते हुए वापस पुलिस लाइन पहुंची, जहां इसका समापन हुआ। हाथों में तिरंगा लेकर बड़ी संख्या में लोगों ने देशभक्ति के उत्साह के साथ रैली में सहभाग किया।
रैली में सदर विधायक महेशचंद्र गुप्ता, दातागंज विधायक राजीव सिंह, बिल्सी विधायक हरीश शाक्य, भाजपा जिलाध्यक्ष राजीव कुमार गुप्ता, जिलाधिकारी अवनीश राय, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा, मुख्य विकास अधिकारी गामिनी सिंगला समेत जनपद के वरिष्ठ अधिकारी और जनप्रतिनिधि शामिल रहे।
इसके अलावा अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण डॉ. हृदेश कठेरिया, अपर पुलिस अधीक्षक नगर अभिषेक कुमार सिंह, पुलिस उपाधीक्षक लाइन/नगर राहुल पांडेय, प्रतिसार निरीक्षक रिजर्व पुलिस लाइन इंद्रजीत सिंह सहित पुलिस अधिकारी-कर्मचारी और विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने भी रैली में उत्साहपूर्वक भाग लिया।
रैली के माध्यम से लोगों को राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान और स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर अपने घरों एवं प्रतिष्ठानों पर तिरंगा फहराने के लिए प्रेरित किया गया। पूरे आयोजन में देशभक्ति और राष्ट्रीय एकता का उत्साह दिखाई दिया।















